देश की खबरें | गोवा में प्रस्तावित आईआईटी परिसर को लेकर प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और पुलिस में झड़प
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोवा के सत्तारी तहसील के शेल-मेलौली गांव में प्रस्तावित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) परिसर के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया जब प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया और पुलिस ने इसके जवाब में लाठीचार्ज किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पणजी, छह जनवरी गोवा के सत्तारी तहसील के शेल-मेलौली गांव में प्रस्तावित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) परिसर के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया जब प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया और पुलिस ने इसके जवाब में लाठीचार्ज किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
शेल-मेलौली गाँव के बाहर जंगल वाले इलाके में सुबह ग्रामीणों द्वारा किए गए पथराव में कम से कम 12 पुलिस कर्मी घायल हो गए।
एक पुलिस अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा, "पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, भीड़ ने राज्य भूमि सर्वेक्षण अधिकारियों को प्रस्तावित आईआईटी परियोजना के लिए सीमांकन कार्य जारी रखने से रोक दिया था।"
पणजी से लगभग 50 किलोमीटर दूर शेल-मेलौली और गुलेली गाँवों में 10 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में आईआईटी-गोवा का परिसर बनाने का प्रस्ताव है।
ग्रामीण इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं क्योंकि उनका कहना है कि इस परियोजना में उनकी कीमती जमीन छीन ली जाएगी।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने हाल ही में कहा था कि राज्य सरकार आईआईटी परियोजना को आगे बढ़ाएगी।
मंगलवार को उस समय परेशानी शुरू हुई जब भूमि सर्वेक्षण अधिकारियों ने विरोध प्रदर्शनों के बीच सीमांकन कार्य शुरू किया।
बुधवार की सुबह, सैकड़ों ग्रामीण वन क्षेत्र में एकत्र हुए और उस जगह के प्रवेश स्थल पर मानव श्रृंखला बनाई जहाँ भूमि सर्वेक्षण अधिकारी आने वाले थे। इसके बाद उनकी पुलिस के साथ झड़प हुयी।
बाद में, सैकड़ों ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन स्थल से लगभग 10 किलोमीटर दूर वालपोई शहर में एक सड़क को अवरुद्ध कर दिया। वे वालपोई थाने के निरीक्षक को निलंबित करने की मांग कर रहे थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)