देश की खबरें | झारखंड में आईईडी विस्फोट में ग्रामीण की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के एक जंगल में संवर्द्धित विस्फोटक उपकरण (आईईडी) विस्फोट में एक ग्रामीण की मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

चाईबासा (झारखंड), 18 अक्टूबर झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के एक जंगल में संवर्द्धित विस्फोटक उपकरण (आईईडी) विस्फोट में एक ग्रामीण की मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

इस बीच सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को एक जंगल से ऐसा ही विस्फोटक उपकरण बरामद किया।

यह विस्फोट बृहस्पतिवार को जराइकेला थाना क्षेत्र में उस समय हुआ जब नवाडीह के मारकंडा टोला निवासी सुनील सुरीन (40) हरादिरी जंगल में पत्ते चुनने गए थे।

पश्चिमी सिंहभूम जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) आशुतोष शेखर ने बताया कि माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

एसपी ने बताया कि गांव वाले उसे वापस घर ले आए और उसका इलाज शुरू किया लेकिन उसकी मौत हो गई।

हालांकि ग्रामीणों ने शुक्रवार को इसकी सूचना पुलिस को दी और फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

एसपी ने बताया कि इस बीच शुक्रवार को सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर, कोबरा और जिला सशस्त्र पुलिस के सुरक्षाकर्मियों ने तलाशी अभियान के दौरान जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लुइया गांव के निकट एक अन्य जंगल से माओवादियों द्वारा लगाया गया एक आईईडी बरामद किया।

उन्होंने बताया कि पांच किलोग्राम वजनी आईईडी को बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय कर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\