देश की खबरें | शाहबाद डेरी घटना की पीड़िता के परिवार से मिलने पहुंचे विभिन्न नेता

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के नेताओं ने मंगलवार को उस 16 वर्षीय किशोरी के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और संवेदना जतायी जिसकी उत्तर-पश्चिम दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में एक युवक ने दिनदहाड़े चाकू से हमला करके और फिर पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी थी।

नयी दिल्ली, 30 मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के नेताओं ने मंगलवार को उस 16 वर्षीय किशोरी के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और संवेदना जतायी जिसकी उत्तर-पश्चिम दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में एक युवक ने दिनदहाड़े चाकू से हमला करके और फिर पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी थी।

शाहबाद डेरी इलाके की एक व्यस्त गली में एक युवक ने लड़की को 20 से अधिक बार चाकू गोदकर मार डाला और किसी भी राहगीर ने उसे रोकने का साहस नहीं किया।

आप नेता आतिशी ने किशोरी के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने किशोरी के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली सरकार पीड़ित के परिवार को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करेगी और पूरी कोशिश करेगी कि अपराधी को अदालत से कड़ी सजा मिले। इस मामले के लिए बड़े से बड़े वकील खड़े किये जाएंगे।’’

आतिशी ने दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना की आलोचना की और आरोप लगाया कि ‘‘यदि उपराज्यपाल जिम्मेदारी लेते हैं तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘दिल्ली की बेटियां हर दिन हिंसा का सामना कर रही हैं। ऐसी घटनाओं को तभी रोका जा सकता है जब उपराज्यपाल जिम्मेदारी लें।’’

आम आदमी पार्टी के एक अन्य नेता सौरभ भारद्वाज ने लड़की की हत्या की घटना को लेकर उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना पर निशाना साधा और कहा कि दिल्ली के लोगों का शहर की कानून-व्यवस्था प्रणाली से ‘‘भरोसा उठ’’ गया है।

भारद्वाज ने कहा, ‘‘हम उपराज्यपाल से एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित करने और हमें यह जानकारी देने का आग्रह करते हैं कि उन्होंने अब तक कितने पुलिस थानों का दौरा किया है। उपराज्यपाल की कोई जवाबदेही नहीं है। यदि यह कोई और देश होता, तो लोग गृहमंत्री का इस्तीफा मांगने लगते। लोग मदद के लिए आगे नहीं आना चाहते, क्योंकि उन्हें लगता है कि उन्हें पुलिस द्वारा झूठा फंसा दिया जाएगा।’’

केजरीवाल ने भी सोमवार को सक्सेना से हत्याकांड में कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया था। दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है। शहर पर शासन करने वाली आप दिल्ली में पुलिस का नियंत्रण निर्वाचित सरकार को सौंपने के प्रयास को लेकर दृढ़ रही है।

मंगलवार सुबह लड़की के परिवार से मिलने वाले भाजपा सांसद हंस राज हंस ने कहा कि कोई भी पैसा परिवार को उसकी बेटी वापस नहीं दिला सकता।

पीड़िता के परिजनों से मिलने के बाद हंस ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘परिवार ने अपनी दुनिया खो दी है। बेटियों को देवी लक्ष्मी माना जाता है। हम सिर्फ उन्हें सांत्वना दे सकते हैं और कुछ आर्थिक मदद कर सकते हैं।"

भाजपा की दिल्ली इकाई के एक बयान में कहा गया है कि हंस के साथ गए भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने परिवार के प्रति सहानुभूति जताई और उन्हें "एक छोटी अंतरिम वित्तीय सहायता" दी।

हंस ने हत्या का "राजनीतिकरण" करने और राजनीतिक लाभ के लिए इसका इस्तेमाल करने के लिए आप की निंदा की।

दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने भी पीड़िता के परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि केजरीवाल और उपराज्यपाल के बीच जब भी "सरकार को जवाबदेह ठहराया जाता है" आरोप-प्रत्यारोप का खेल शुरू हो जाता है।

चौधरी ने कहा, ‘‘वर्ष 2013 के बाद से इस तरह की कई घटनाएं हुई हैं, लेकिन जब भी सरकार को जवाबदेह ठहराया जाता है, अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो जाता है।’’

इस बीच दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी लड़की के परिवार से मुलाकात की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\