खेल की खबरें | वैभव सूर्यवंशी विशेष प्रतिभा, भारत की तरफ से लंबे समय तक खेल सकते हैं: राठौड़

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने वैभव सूर्यवंशी को विशेष प्रतिभा करार देते हुए कहा कि अगर वह खेल पर अपना ध्यान केंद्रित रखते हैं तो लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट की सेवा कर सकते हैं।

जयपुर, 29 अप्रैल राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने वैभव सूर्यवंशी को विशेष प्रतिभा करार देते हुए कहा कि अगर वह खेल पर अपना ध्यान केंद्रित रखते हैं तो लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट की सेवा कर सकते हैं।

सूर्यवंशी ने सोमवार को 38 गेंदों में 101 रन बनाकर 14 साल और 32 दिन की उम्र में आईपीएल के सबसे कम उम्र के शतकवीर बनने का रिकॉर्ड बनाया।

बाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यवंशी ने ईशांत शर्मा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, वाशिंगटन सुंदर तथा अफगानिस्तान के राशिद खान और करीम जानत जैसे अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी का नमूना पेश करते हुए 11 छक्के और सात चौके लगाए और राजस्थान रॉयल्स को आठ विकेट से जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राठौड़ ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘हम पिछले कुछ महीनों से इसे नेट पर देख रहे हैं, हमें पता था कि वह क्या करने में सक्षम है और वह कौन से शॉट खेल सकता है, लेकिन खचाखच भरे स्टेडियम में और इस तरह की स्थिति में वास्तव में अच्छे गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ ऐसा करना, यह वास्तव में विशेष था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वह एक विशेष प्रतिभा है और इसकी तकनीकी अच्छी है। आज उसने सभी को दिखाया कि वह कितना अच्छा बल्लेबाज है। ’’

राठौड़ ने कहा, ‘‘एक 14 साल के बच्चे का इस तरह खेलना निश्चित रूप से उसे खास बनाता है। हमने उसे पहली बार चार महीने पहले देखा था जब वह ट्रायल के लिए आया था। उस दिन से हमें पता था कि हमें कुछ खास मिला है और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हमारी है।’’

राठौड़ को लगता है कि सूर्यवंशी लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट की सेवा कर सकते हैं, बशर्ते वह कड़ी मेहनत करते रहें।

उन्होंने कहा, ‘‘उसने असाधारण पारी खेली। वह गेंद को अच्छी तरह से हिट करता है। उसमें कुछ खास है और अगर वह आगे बढ़ता रहा और कड़ी मेहनत करता रहा, तो वह लंबे समय तक भारत की तरफ से खेल सकता है।’’

राठौड़ ने हालांकि कहा कि सूर्यवंशी की तुलना सचिन तेंदुलकर से करना अनुचित होगा जिन्होंने 16 साल की उम्र में भारत की तरफ से पदार्पण किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा करना बहुत जल्दबाजी होगी। एक बच्चे की तुलना सचिन तेंदुलकर जैसे खिलाड़ी से करना अनुचित है।’’’

गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज साई सुदर्शन ने भी सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की।

सुदर्शन ने कहा, ‘‘वैभव ने जिस तरह से बल्लेबाजी की वह जबरदस्त थी और देखने में शानदार थी लेकिन हम बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे। हम सोच रहे थे कि हमने 10 रन अधिक बनाए हैं लेकिन जिस तरह से उन्होंने शुरुआत की और बल्लेबाजी की उससे पता चला कि हम गलत थे और हम थोड़ा और रन भी बना सकते थे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Rajasthan Day 2026 Messages: राजस्थान स्थापना दिवस के इन हिंदी Quotes, WhatsApp Wishes. Facebook Greetings के जरिए दें शुभकामनाएं

RR vs CSK, IPL 2026 3rd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा राजस्थान रॉयल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

IPL 2026 Points Table With Net Run-Rate (NRR): आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस की ऐतिहासिक जीत, धमाकेदार अंदाज़ में अंक तालिका में दूसरे पायदान पर पहुंची, जानें अन्य टीमों का हाल

MI vs KKR, IPL 2026 2nd Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर मुंबई इंडियंस ने किया जीत के साथ आगाज, रोहित शर्मा ने खेली आतिशी पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड