देश की खबरें | उत्तराखंड : रावत ने युवाओं पर दर्ज मुकदमे वापस न होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने शुक्रवार को बेरोजगार युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में धरना दिया और चेतावनी दी कि अगर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस नहीं लिया गया तो वह जल्द ही आमरण अनशन शुरू करेंगे।

देहरादून, 10 फरवरी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने शुक्रवार को बेरोजगार युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में धरना दिया और चेतावनी दी कि अगर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस नहीं लिया गया तो वह जल्द ही आमरण अनशन शुरू करेंगे।

देहरादून महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित पुलिस मुख्यालय के घेराव कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए रावत की इस दौरान तबियत भी बिगड गयी।

पुलिस ने कांग्रेस के कूच को गंतव्य से पहले ही अवरोधक लगा कर रोक लिया जिस पर रावत समेत सभी कांग्रेस नेता वहीं धरने पर बैठ गए। इस दौरान, रावत की तबियत बिगड गयी और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

बाद में, रावत ने आरोप लगाया कि प्रदेश का नौजवान एक साफ-सुथरी परीक्षा प्रणाली चाहता है, लेकिन राज्य सरकार उनकी मांग मानने के बजाय उन पर लाठी भांज कर उन्हें जेल भेज रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर जल्द ही युवाओं पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो वह आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं के हित के लिए वह जान की बाजी लगाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

गौरतलब है कि भर्ती घोटालों की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं की बृहस्पतिवार को पुलिस से झडपें हुईं और उन्होंने पुलिस पर पथराव कर दिया जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसमें प्रदर्शनकारी युवाओं और पुलिस दोनों पक्षों के कुछ लोग चोटिल भी हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now