देश की खबरें | उत्तराखंड : तीन दिनों के भीतर दो लोगों को मारने वाला तेंदुआ शिकारियों की गोली से ढेर

नई टिहरी (उत्तराखंड), 20 जुलाई टिहरी जिले के दुरोगी गांव में पिछले तीन दिनों में दो महिलाओं को मारने वाले आदमखोर तेंदुए को वन विभाग के शिकारियों ने मार गिराया।

वन विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि जिले के दुरोगी और छाम गांवों में तीन दिन के भीतर दो महिलाओं को मारने और सप्ताह भर पहले एक अन्य को घायल करके आतंक का पर्याय बन गए आदमखोर तेंदुए को वन विभाग के शिकारियों एस चौहान और जहीर बक्श ने गोली से मार गिराया।

वन रेंजर देवेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया कि 50 वर्षीय गुंडरी देवी खेतों में काम कर रही थी, उसी दौरान पर तेंदुए ने उनपर हमला किया।

उन्होंने बताया कि महिला का शव कुछ घंटों बाद एक खड्ड से बरामद हुआ। मृतका की गर्दन में गंभीर घाव थे। गांव में तीन दिन के भीतर तेंदुए के हमले की यह दूसरी घटना थी।

पिछले शनिवार को भी तेंदुआ एक महिला को उसके आंगन से उठा ले गया था और बाद में उसका अधखाया शव खेतों से बरामद हुआ था।

इससे पहले भी, एक अन्य महिला को घायल करने के अलावा तेंदुआ गांव वालों के मवेशियों को अपना निवाला बना चुका था। घायल महिला का इलाज चल रहा है।

एक ग्रामीण ने बताया कि वन विभाग की एक टीम शनिवार से ही गांव में मौजूद थी, और अंतत आज उसे मार गिराया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)