जरुरी जानकारी | व्यापार वार्ता के लिए अमेरिकी टीम भारत पहुंची, अच्छी तरह आगे बढ़ रही बातचीत: गोयल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.

(तस्वीरों के साथ)

ब्रेसिया, पांच जून वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए अगले दौर की वार्ता के लिए अमेरिकी टीम नयी दिल्ली में है और वार्ता अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है।

कुछ और अमेरिकी अधिकारी भारतीय अधिकारियों के साथ वार्ता में शामिल होने के लिए शुक्रवार यानी छह जून को भारत पहुंचेंगे।

गोयल ने यहां संवाददाताओं से कहा, “बातचीत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है। वार्ता के लिए अमेरिकी टीम भारत में है।”

फरवरी में, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2025 की सितंबर-अक्टूबर तक पारस्परिक रूप से लाभकारी बहु-क्षेत्रीय द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण पर बातचीत करने की योजना की घोषणा की थी।

इसका उद्देश्य 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को मौजूदा 191 अरब डॉलर के स्तर से दोगुना से अधिक बढ़ाकर 500 अरब डॉलर करना है।

गोयल व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए इटली के नेताओं और व्यापार प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करने के लिए आधिकारिक यात्रा पर यहां आए हैं।

अमेरिकी आधिकारिक दल की यह यात्रा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत और अमेरिका जून के अंत तक अंतरिम व्यापार समझौते पर सहमत हो सकते हैं। इसमें भारत घरेलू वस्तुओं पर 26 प्रतिशत जवाबी शुल्क से पूरी छूट के लिए दबाव डाल रहा है।

भारत के मुख्य वार्ताकार, वाणिज्य विभाग में विशेष सचिव राजेश अग्रवाल ने पिछले महीने वाशिंगटन की अपनी चार दिवसीय यात्रा पूरी की थी। उन्होंने प्रस्तावित समझौते पर अपने अमेरिकी समकक्ष के साथ बातचीत की।

गोयल व्यापार वार्ता को गति देने के लिए अमेरिका गये थे।

अमेरिका लगातार चौथे साल 2024-25 में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बना रहा। दोनों देशों का द्विपक्षीय व्यापार 131.84 अरब डॉलर रहा।

भारत के कुल वस्तु निर्यात में अमेरिका की हिस्सेदारी करीब 18 प्रतिशत, आयात में 6.22 प्रतिशत और देश के कुल वस्तु व्यापार में 10.73 प्रतिशत है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\