देश की खबरें | जाली वीजा व पासपोर्ट के जरिए नेपाल जाने की कोशिश कर रहा अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. फर्जी वीजा और पासपोर्ट के आधार पर नेपाल जाने की कोशिश कर रहे एक अमेरिकी नागरिक को यहां गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
महाराजगंज (उप्र), 16 जून फर्जी वीजा और पासपोर्ट के आधार पर नेपाल जाने की कोशिश कर रहे एक अमेरिकी नागरिक को यहां गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि करीब सात साल से अवैध तरीके से भारत में रह रहे 51 वर्षीय अमेरिकी नागरिक एलन बायडे नॉक्स को बुधवार शाम गिरफ्तार किया गया।
सौनौली के थाना प्रभारी मनोज कुमार राय ने बताया कि नॉक्स मुंबई से आया था और बुधवार शाम को सनौली से नेपाल जाने की कोशिश कर रहा था लेकिन आव्रजन विभाग के अधिकारियों ने उसके वीजा और पासपोर्ट को जाली पाया जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
महाराजगंज जिले में सोनौली, भारत-नेपाल सीमा पर स्थित है ।
राय ने बताया कि उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता एवं विदेश अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
स्थानीय खुफिया इकाई के अधिकारी ने बताया कि खुफिया ब्यूरो को मामले की सूचना दे दी गई है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, विदेशी नागरिक 27 जून 2015 को भारत आया था और इसके बाद वह कई बड़े शहरों में रुका।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)