देश की खबरें | एअर इंडिया के विमान में 'पेशाब' करने की घटना: चालक दल के तीन सदस्य जांच में शामिल होने थाने पहुंचे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. एअर इंडिया के एक विमान में नशे में धुत एक यात्री के महिला सहयात्री पर कथित तौर पर पेशाब करने के मामले में विमानन कंपनी के चालक दल के तीन सदस्य शनिवार को यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा थाने में जांच में शामिल हुए।

नयी दिल्ली, सात जनवरी एअर इंडिया के एक विमान में नशे में धुत एक यात्री के महिला सहयात्री पर कथित तौर पर पेशाब करने के मामले में विमानन कंपनी के चालक दल के तीन सदस्य शनिवार को यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा थाने में जांच में शामिल हुए।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि चालक दल के नौ सदस्यों को बुलाया गया था, जिनमें से तीन ने शनिवार सुबह अपने बयान दर्ज कराए।

अधिकारी ने कहा कि उनके बयानों से पुलिस को पिछले साल नवंबर में विमान में हुई कथित घटना की कड़ी को स्थापित करने में मदद मिलेगी।

उन्हें शुक्रवार को बुलाया गया था, लेकिन चूंकि वे शहर में उपलब्ध नहीं थे, इसलिए पुलिस ने उन्हें शनिवार को जांच में शामिल होने के लिए कहा।

दिल्ली पुलिस ने पिछले साल 26 नवंबर को न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की एक उड़ान की बिजनेस क्लास में बुजुर्ग महिला सहयात्री पर नशे की हालत में पेशाब करने के आरोपी शंकर मिश्रा को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है।

महिला द्वारा एअर इंडिया को दी गई शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने चार जनवरी को आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

पुलिस उपायुक्त (हवाई अड्डा) रवि कुमार सिंह ने कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस के एक दल ने आईजीआईए मामले में आरोपी शंकर मिश्रा को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है। उसे दिल्ली लाया गया है और मामले में जांच की जा रही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now