देश की खबरें | उप्र हिंसा: कांग्रेस ने महाराष्ट्र में प्रदर्शन किया, योगी सरकार और केन्द्र की निंदा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने लखीमपुर खीरी में हुई हिंसक झड़पों को लेकर केन्द्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को बर्खास्त करने की सोमवार को मांग की।

मुंबई, चार अक्टूबर कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने लखीमपुर खीरी में हुई हिंसक झड़पों को लेकर केन्द्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को बर्खास्त करने की सोमवार को मांग की।

उनकी पार्टी के सहयोगी और महाराष्ट्र के मंत्री अशोक चव्हाण ने भी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ कथित तौर पर ‘‘दुर्व्यवहार’’ किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और दावा किया कि विपक्षी दलों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।

पटोले ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हिंसा के खिलाफ दक्षिण मुंबई में प्रदर्शन में हिस्सा लिया और मीडिया से बात करते हुए भाजपा सरकार की निंदा की।

उन्होंने कहा, ‘‘किसानों को कुचलने की दुखद घटना तालिबानी प्रवृत्ति का संकेत है। केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को बर्खास्त किया जाये, जो किसानों को कुचल रही है।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने देश में किसानों को ‘बर्बाद’ करने की नीति अपनाई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी किसानों पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय योगी सरकार उनका समर्थन कर रही है। पटोले ने दावा किया, ‘‘किसान देश की रीढ़ हैं। वे अन्नदाता हैं, लेकिन भाजपा सरकार उन्हें खत्म करने के लिए काम कर रही है।’’

पटोले ने किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश के जिले में रविवार की हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं किये जाने पर ‘‘महाराष्ट्र बंद’’ की चेतावनी दी।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने उस समय प्रियंका गांधी को ‘‘अवैध रूप से गिरफ्तार’’ किया, जब वह लखीमपुर खीरी में मारे गये किसानों के परिवारों से मिलने के लिए जा रही थीं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें (प्रियंका) तत्काल रिहा नहीं किया गया तो राज्यव्यापी ‘‘जेल भरो’’ आंदोलन किया जायेगा।

कांग्रेस नेता ने भाजपा पर लगातार किसानों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस नेता सचिन पायलट, भाई जगताप (मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष), नसीम खान, चरणजीत सिंह सपरा और जीशान अहमद ने मंत्रालय (राज्य सचिवालय) के पास महात्मा गांधी की प्रतिमा पर विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में भी कांग्रेस नेताओं ने लखीमपुर खीरी की घटना और उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

नांदेड़ में प्रदर्शन का नेतृत्व चव्हाण ने किया, जबकि जलगांव में जिला उपाध्यक्ष उल्हास पाटिल ने आंदोलन का नेतृत्व किया।

चव्हाण ने कहा कि पिछले साल सितंबर में केंद्र सरकार द्वारा पारित तीन ‘‘किसान विरोधी’’ कानूनों को लेकर लोगों में अशांति की स्थिति है। उन्होंने लखीमपुर खीरी में हुई घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया, ‘‘अब किसान उनके खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकारें उनके खिलाफ लाठीचार्ज कर रही हैं और किसानों को वाहनों के नीचे कुचला जा रहा है।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इसके साथ ही प्रियंका गांधी के साथ दुर्व्यवहार किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार का यह रुख गलत है... विपक्षी दलों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।’’ चव्हाण ने कहा कि महाराष्ट्र में कांग्रेस ऐसे कृत्यों के खिलाफ आंदोलन जारी रखेगी।

इससे पूर्व पटोले ने एक बयान में प्रियंका गांधी को हिरासत में लिये जाने की निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित उत्तर प्रदेश में ‘‘तालिबानी राज’’ है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे को लेकर किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान रविवार को लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया इलाके में भड़की हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी।

इस घटना के कुछ घंटे बाद रविवार की रात राज्य पहुंचने पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने लखनऊ में प्रियंका गांधी के काफिले को कुछ देर के लिए रोका। कांग्रेस की नेता अन्य लोगों के साथ लखीमपुर खीरी जिले में मारे गए किसानों के परिवारों से मिलने जा रही थीं।

पटोले ने एक प्रेस बयान में आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बेटे की कार ने किसानों को कुचल दिया। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सरकार मंत्री के बेटे के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय उन्हें बचाने की कोशिश कर रही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Live Score Update: किंग्सटाउन में वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच खेला जा रहा हैं तीसरा टी20 मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Live Streaming In India: वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच आज खेला जाएगा तीसरा टी20, यहां जानें भारत में कब, कहां और कैसे उठाएं लाइव मैच का लुफ्त

West Indies Women vs Australia Women T20I Stats: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक-दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आंकड़े

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Pitch Report And Weather Update: किंग्सटाउन में वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला मुकाबले में मौसम बनेगा अहम फैक्टर या फैंस उठाएंगे पूरे मैच का लुफ्त? यहां जानें मौसम का हाल

\