देश की खबरें | उप्र सरकार ने किया बघेल और रंधावा का विमान लखनऊ में नहीं उतरने देने का अनुरोध

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश सरकार ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को पत्र लिखकर लखीमपुर खीरी जाने के लिए लखनऊ आ रहे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा को स्थानीय चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे पर उतरने की अनुमति नहीं देने का अनुरोध किया है।

लखनऊ, चार अक्टूबर उत्तर प्रदेश सरकार ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को पत्र लिखकर लखीमपुर खीरी जाने के लिए लखनऊ आ रहे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा को स्थानीय चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे पर उतरने की अनुमति नहीं देने का अनुरोध किया है।

प्रदेश के गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने प्राधिकरण को रविवार देर रात लिखे पत्र में कहा है कि लखीमपुर खीरी जिले में रविवार को हुए संघर्ष की घटना के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है।

उन्होंने पत्र में कहा, "इसके दृष्टिगत अनुरोध है कि कृपया छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री और पंजाब के उपमुख्यमंत्री को चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डा लखनऊ पर आगमन की अनुमति न प्रदान करें।"

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार के इस कदम पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा है कि क्या उत्तर प्रदेश में नागरिक अधिकारों को स्थगित कर दिया गया है।

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, "उत्तर प्रदेश की सरकार मुझे राज्य में न आने देने का फरमान जारी कर रही है। क्या उत्तर प्रदेश में नागरिक अधिकार स्थगित कर दिए गए हैं?"

लखीमपुर_किसान_नरसंहार हैशटैग से किए गए ट्वीट में बघेल ने कहा, "अगर धारा 144 लखीमपुर में है तो लखनऊ उतरने से क्यों रोक रही है तानाशाह सरकार?"

गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया क्षेत्र में रविवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के पैतृक गांव जाने के विरोध के दौरान हुए संघर्ष में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now