देश की खबरें | उप्र : बाराबंकी में नवजात शिशु को बेचने के आरोप में माता-पिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिला मुख्यालय के शहर कोतवाली थाना पुलिस ने अपने दो महीने के बच्चे को लखनऊ के एक व्यवसायी को बेचने के आरोप में एक दंपति समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

बाराबंकी, नौ मार्च उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिला मुख्यालय के शहर कोतवाली थाना पुलिस ने अपने दो महीने के बच्चे को लखनऊ के एक व्यवसायी को बेचने के आरोप में एक दंपति समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार इस घटना के बारे में शुक्रवार रात को पता चला, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की और शनिवार को लखनऊ में एक व्यवसायी के घर से बच्चे को बरामद किया। शिशु अब बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के संरक्षण में है।

चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक मनोज कुमार ने बताया कि दंपति ने पांच मार्च को लखनऊ के स्क्रैप व्यवसायी मोहम्मद यासिर को अपना बच्चा गोद देने के लिए सौंप दिया था।

थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि, "कैसरबाग घसियारी मंडी में व्यवसाय करने वाले यासिर ने आर्थिक तंगी से जूझ रहे दंपति को भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल किया और उन्हें अपना शिशु देने के लिए मजबूर किया।"

एसएचओ ने कहा, "यासिर को हिरासत में लिया गया और शनिवार शाम को बच्चे को बाराबंकी वापस भेज दिया गया।" शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में शिशु के माता-पिता और यासिर तथा उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस इस अवैध लेनदेन के लिए जिम्मेदार गिरोह में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की जांच कर रही है।

आरोपी पिता ने यह कदम उठाने के लिए आर्थिक तंगी का हवाला दिया, उसके पहले से ही दो अन्य बच्चे हैं। पिता ने रविवार को बाराबंकी में मीडियाकर्मियों से कहा, "मुझे उम्मीद थी कि तीसरे बच्चे का भविष्य बेहतर होगा।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\