देश की खबरें | उप्र निकाय चुनाव : सपा सांसद डिंपल यादव ने कानपुर में रोड शो कर पार्टी उम्मीदवार के लिए वोट मांगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी से पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने सोमवार को नगर निकाय चुनाव के लिए कानपुर शहर के दक्षिणी इलाकों में रोड शो किया। उन्होंने इस दौरान कानपुर से पार्टी की महापौर पद उम्मीदवार वंदना बाजपेयी के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील की।
कानपुर (उप्र) आठ मई समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी से पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने सोमवार को नगर निकाय चुनाव के लिए कानपुर शहर के दक्षिणी इलाकों में रोड शो किया। उन्होंने इस दौरान कानपुर से पार्टी की महापौर पद उम्मीदवार वंदना बाजपेयी के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील की।
सपा सांसद डिंपल यादव का रोड शो किदवई नगर में ‘हनुमान मंदिर’ से शुरू हुआ और बाबूपुरवा, जूही, यशोदा नगर और गोविंद नगर , दासू कुआं, पशुपति नगर, श्रीराम चौक होते हुए यशोदा नगर बाईपास, कानपुर नगर में इसका समापन हुआ।
नगर निकाय चुनाव में पहली बार प्रचार के लिए निकलीं डिंपल ने कहा कि वह प्रदेश में कहीं भी प्रचार करने नहीं गईं लेकिन कानपुर में अपनी भाभी (वंदना बाजपेयी) की जीत सुनिश्चित करने के लिए वोट मांगने आई हैं।
घनी आबादी वाले इलाकों में डिंपल यादव की एक झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ जुटी जिनका उन्होंने हाथ हिलाकर अभिवादन किया। डिंपल यादव ने कहा कि लोगों को अखिलेश के नेतृत्व वाली सपा सरकार के कार्यकाल की याद आने लगी है।
लखनऊ में जारी एक बयान के अनुसार डिंपल यादव ने कानपुर के मतदाताओं से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए आरोप लगाया, ‘‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज में जनता बहुत परेशान है, महंगाई, भ्रष्टाचार और अन्याय चरम पर है। भाजपा के सभी वादे झूठे साबित हुए हैं।’’
उन्होंने दावा किया कि कानपुर से इस बार कमल नहीं खिलेगा और सपा की महापौर प्रत्याशी वंदना बाजपेयी मजबूती से लड़ेंगी व भारी मतों से जीतेंगी।
डिंपल यादव ने कहा कि बाजपेयी जनता के लिए अच्छा काम करेंगी। सपा सांसद ने आरोप लगाया कि जनता कर देती है लेकिन कानपुर में साफ-सफाई नहीं है, गंदगी हर तरफ है, आवारा पशुओं की समस्या है; इसलिए भाजपा को जनसमर्थन नहीं मिलने वाला है।
उन्होंने कहा कि कानपुर में मेट्रो रेल समाजवादी सरकार की देन है जबकि भाजपा राज में विकास कार्य ठप्प पड़े हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)