देश की खबरें | मंदसौर में जहरीली शराब से मौत के मामले में दो पुलिसकर्मी निलंबित

भोपाल/ मंदसौर, 26 जुलाई मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को कहा कि मंदसौर जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब के सेवन से तीन लोगों की मौत की घटना के बाद पुलिस के एक थाना प्रभारी और एक सहायक उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है।

मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी थानाक्षेत्र के खाखराई ग्राम में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को कथित रूप से जहरीली शराब पीने से तीन लोगों की मौत हो गई। हालांकि अधिकारियों ने कहा कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल सकेगा।

मिश्रा ने सोमवार को भोपाल में पत्रकारों से कहा कि इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोगों का इलाज चल रहा है और एक व्यक्ति को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘ क्षेत्र के थाना प्रभारी और एक सहायक उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है जबकि जिला कलेक्टर ने आबकारी विभाग के एक उप निरीक्षक को पहले ही निलंबित कर दिया है।’’

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी ने रविवार को जारी आदेश में कहा कि पिपलिया मंडी के थाना प्रभारी शिव कुमार यादव और सहायक उप निरीक्षक रामलाल दादिंग को ड्यूटी में कथित लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

आदेश में कहा गया है कि ये अधिकारी अपने क्षेत्र में शराब की तस्करी को रोकने में असफल रहे ।

एसपी ने अपने आदेश में यह भी कहा कि शराब गजेंद्र सिंह की किराने की दुकान से खरीदी गई थी। खाखराई में गजेंद्र अवैध रुप से शराब बेच रहा था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

अधिकारी ने कहा कि शराब का सेवन करने वाले एक व्यक्ति की शनिवार की रात को मौत हो गई और उसके परिवार के लोगों ने पुलिस को बिना सूचना दिए उसी दिन शव का अंतिम संस्कार कर दिया। अगले दिन दो अन्य लोगों की उपचार के लिए मंदसौर ले जाते समय मौत हो गई।

इस बीच, पुलिस के अनुविभागीय अधिकारी त्रिलोकचंद पवार ने कहा कि सोमवार को डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा दो मृतकों की पोस्टमार्टम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आरोपी दुकानदार से शराब की तस्करी के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।

सं दिमो

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)