देश की खबरें | रामसर सूची में दो और भारतीय आर्द्रभूमि शामिल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत ने बिहार स्थित नागी पक्षी अभयारण्य और नकटी पक्षी अभयारण्य को वैश्विक आर्द्रभूमि सूची में शामिल किए जाने के साथ विश्व पर्यावरण दिवस मनाया।
नयी दिल्ली, पांच जून भारत ने बिहार स्थित नागी पक्षी अभयारण्य और नकटी पक्षी अभयारण्य को वैश्विक आर्द्रभूमि सूची में शामिल किए जाने के साथ विश्व पर्यावरण दिवस मनाया।
रामसर सूची में शामिल दोनों नए स्थल बिहार में जमुई जिले के झाझा वन रेंज में स्थित मानव निर्मित जलाशय हैं। इनके जलग्रहण क्षेत्रों में पहाड़ियों से घिरे शुष्क पर्णपाती वन हैं।
पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, ‘‘विश्व पर्यावरण दिवस 2024 के अवसर पर यह बताते हुए खुशी हो रही है कि बिहार स्थित दो और आर्द्रभूमि- नागी पक्षी अभयारण्य तथा नकटी पक्षी अभयारण्य को रामसर स्थलों की सूची में जोड़कर भारत ने मरुस्थलीकरण को रोकने की दिशा में एक और कदम उठाया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इससे देश में स्थित रामसर स्थलों की संख्या 82 हो गई है, जो कुल 13,32,746.24 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले हैं। यह कदम पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’
यादव ने कहा कि दोनों पक्षी अभयारण्य कुल 544.37 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले जलाशय हैं, जिनमें बरसात के मौसम के दौरान पानी जमा होता है तथा शुष्क मौसम के दौरान स्थानीय लोगों की कृषि और घरेलू खपत के लिए पानी की आवश्यकताओं की पूर्ति होती है।
उन्होंने कहा, "दोनों स्थल असंख्य प्रवासी पक्षियों के लिए स्वर्ग के समान हैं, जो क्षेत्र के पारिस्थितिकी संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मैं इस उपलब्धि के लिए बिहार के लोगों को बधाई देता हूं।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)