देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश के सुदूर गांव में 'अतिसार' के प्रकोप से दो बच्चों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अरुणाचल प्रदेश के लोंगडिंग जिले में 'अतिसार' के कारण कम से कम दो बच्चों की मौत हो गई और 17 अन्य गंभीर रूप से बीमार हैं। एक चिकित्सा अधिकारी ने यह जानकारी दी।
ईटानगर, 21 जून अरुणाचल प्रदेश के लोंगडिंग जिले में 'अतिसार' के कारण कम से कम दो बच्चों की मौत हो गई और 17 अन्य गंभीर रूप से बीमार हैं। एक चिकित्सा अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि भारत-म्यांमा सीमा के निकट कोंसा गांव में 'अतिसार' फैलने से पांच और सात वर्ष की आयु के दो बच्चों की मौत हो गई।
लोंगडिंग जिला चिकित्सा अधिकारी (डीएमओ) डॉ. अजा मियू ने बताया कि पांच वर्षीय खुनवांग वांगसा की 15 जून और सात वर्षीय साहवांग वांगसा की 18 जून को मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि 17 अन्य बच्चे भी इस बीमारी से प्रभावित हुए हैं जिनमें से तीन को लोंगडिंग जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज किया जा रहा है।
डॉ. मियू ने कहा, "18 जून को सूचना मिलने के बाद हमने पर्याप्त दवाओं के साथ एक चिकित्सा टीम भेजी और बीमारी को नियंत्रित करने के लिए उपचार शुरू किया।"
उन्होंने कहा कि गांव में पेयजल स्रोतों में संभावित प्रदूषण बीमारी के फैलने का कारण हो सकता है।
डीएमओ ने कहा, "स्वास्थ्य विभाग अतिसार के बारे में जागरूकता पैदा करने तथा इसे फैलने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)