देश की खबरें | कनाडा भेजने का वादा कर श्रीलंकाई नागरिकों को ठगने के आरोप में दो एजेंट गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत के रास्ते अवैध रूप से कनाडा भेजने के बहाने श्रीलंकाई नागरिकों को कथित रूप से ठगने को लेकर दो एजेंट को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 24 जून भारत के रास्ते अवैध रूप से कनाडा भेजने के बहाने श्रीलंकाई नागरिकों को कथित रूप से ठगने को लेकर दो एजेंट को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उसने बताया कि उन दोनों की पहचान श्रीलंकाई नागरिक महेंदिराराजा (63) और तमिलनाडु के निवासी सेल्वाकुलेंद्रन (56) के रूप में हुई है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक निरीक्षक की शिकायत पर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा थाने में एक मामला दर्ज किया गया है। उनके अनुसार निरीक्षक को महिपालपुर चौकी के समीप गश्ती के दौरान 10 लोग संदिग्ध रूप से खड़े मिले थे और जब उन्होंने उनसे अपना पहचान पत्र दिखाने को कहा तो वे नहीं दिखा पाये।
उन्होंने बताया कि इन सभी 10 व्यक्तियों को सत्यापन के लिए थाने ले जाया गया तो वे सभी श्रीलंकाई निकले। उनके अनुसार उनमें एक महेंदिराराजा उप एजेंट है जो सेल्वाकुलेंद्रन के निर्देश उस समूह के लिए गाइड का काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार इन सभी लोगों से कनाडा भेजे जाने का वादा किया गया था।
पुलिस उपायुक्त (हवाई अड्डा) देवेश कुमार महला ने बताया कि जांच में सेल्वाकुलेंद्रन का ठिकाना तमिलनाडु का त्रिची मिला और उसने पूछताछ के दौरान बताया कि वह दिल्ली के रास्ते कनाडा भेजने का प्रति व्यक्ति दो लाख रुपये लेता है।
महला के अनुसार इन दस लोगों को श्रीलंका में उसके परिचित विजय कुमार ने उसके पास भेजा था। उनके मुताबिक महेंदिराजा के दो मोबाइल फोन, उसके पास से दो यात्रियों के नाम पर दो कनाडाई वीजा स्टिकर तथा सेल्वाकुलेंद्रन के पास से दो भारतीय पासपोर्ट और दो श्रीलंकाई पासपोर्ट बरामद किये गये।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)