देश की खबरें | तृणमूल कांग्रेस सॉलीसिटर जनरल को हटाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति से मिलेगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के साथ ‘बैठक’ को लेकर सॉलीसिटर जनरल तुषार मेहता को हटाने की अपनी मांग तेज करते हुए तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि वह इस मुद्दे पर दबाव बनाने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलेगी।
कोलकाता, तीन जुलाई भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के साथ ‘बैठक’ को लेकर सॉलीसिटर जनरल तुषार मेहता को हटाने की अपनी मांग तेज करते हुए तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि वह इस मुद्दे पर दबाव बनाने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलेगी।
राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस के उपनेता सुखेंदु शेखर रॉय ने कहा कि पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार को राष्ट्रपति से मिलेगा।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ हमने माननीय राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा है और उन्होंने हमें सोमवार को मिलने का समय दिया है। हम सॉलीसिटर जनरल को हटाने के वास्ते दबाव बनाने के लिए उनसे मिलेंगे। ’’
तृणमूल सासंदों --डेरेक ओ ब्रायन, सुखेंदु शेखर रॉय और महुआ मोइत्रा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कहा था कि मेहता के निवास पर उनकी अधिकारी से भेंट से ‘‘अनीति की बू’’ आती है क्योंकि भाजपा विधायक नारदा और सारदा मामलों में आरोपी हैं तथा दोनों मामलों की जांच चल रही है।
तृणमूल नेताओं ने कहा कि सॉलिसिटर जनरल नारदा मामले में उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय में सीबीआई की ओर से पेश हो रहे हैं तथा वह सारदा चिटफंट घोटाले में जांच एजेंसी को सलाह भी दे रहे हैं।
अधिकारी और मेहता ने कहा है कि भाजपा नेता दिल्ली में मेहता के निवास पर गए थे लेकिन मेहता उनसे नहीं मिले।
तृणमूल ने इसपर सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)