देश की खबरें | तृणमूल कांग्रेस ने दिवंगत विधायक की बेटी अलीफा अहमद को कालीगंज उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया

कोलकाता, 27 मई तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की कालीगंज विधानसभा सीट पर 19 जून को होने वाले उपचुनाव के लिए मंगलवार को अलीफा अहमद को अपना उम्मीदवार घोषित किया।

अलीफा अहमद (38) तृणमूल कांग्रेस के दिवंगत विधायक नसीरुद्दीन अहमद की बेटी हैं, जिनका इस वर्ष फरवरी में निधन हो जाने के कारण यह उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था।

अलीफा कालीगंज से जिला परिषद की सदस्य रह चुकी हैं और स्थानीय राजनीति में सक्रिय रूप से शामिल रही हैं। पिछले कुछ सालों में उन्होंने नदिया जिले में विभिन्न राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है। अलीफा अक्सर अपने पिता के साथ देखी जाती थीं।

पार्टी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘तृणमूल कांग्रेस माननीय अध्यक्ष ममता बनर्जी की प्रेरणा और मार्गदर्शन में, हम 19 जून, 2025 को होने वाले आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार की घोषणा करते हुए प्रसन्न हैं। कालीगंज की उम्मीदवार अलीफा अहमद हैं।’’

‘लाल दा’ ​​के नाम से प्रसिद्ध नसीरुद्दीन अहमद तृणमूल के वरिष्ठ नेता थे, जिन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा में 2011 और 2021 में कालीगंज का प्रतिनिधित्व किया था। वह 70 वर्ष के थे।

तृणमूल के वरिष्ठ नेता जय प्रकाश मजूमदार ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘अलीफा पूर्व में कालीगंज की एक सीट से जिला परिषद सदस्य के रूप में काम कर चुकी हैं। वह राजनीति में नयी नहीं हैं। अपने पिता के मार्गदर्शन में, वह कई स्थानीय विकास कार्यों में शामिल रही हैं। कालीगंज के लोग उन्हें जानते हैं, उनसे प्यार करते हैं और मतदान के दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस आगामी उपचुनाव में फिर से रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल करने को लेकर आश्वस्त है।’’ 2021 के विधानसभा चुनाव में नसीरुद्दीन अहमद ने करीब 47,000 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी।

मतदाता सूची में हालिया संशोधन के बाद, कालीगंज विधानसभा क्षेत्र में लगभग 2.5 लाख पंजीकृत मतदाता हैं।

विपक्षी दल भाजपा, कांग्रेस और वाममोर्चा ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)