देश की खबरें | मुठभेड़ में शहीद सैन्यकर्मी को जम्मू में श्रद्धांजलि दी गई

जम्मू, 24 जुलाई पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए सैन्यकर्मी को श्रद्धांजलि देने के लिए वरिष्ठ सैन्य, असैन्य और पुलिस अधिकारी बुधवार को पुष्पांजलि समारोह में शामिल हुए।

लांस नायक सुभाष चंद्र ने मंगलवार की सुबह कृष्णा घाटी सेक्टर के बट्टल क्षेत्र में गोलीबारी के दौरान तब अपने प्राणों की आहुति दे दी जब सेना ने सीमा पार से आतंकवादियों के एक समूह की घुसपैठ की कोशिश को विफल कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि शहीद सैन्यकर्मी को बुधवार दोपहर यहां भारतीय वायुसेना स्टेशन में पुष्पांजलि अर्पित की गई जिसके बाद शहीद का पार्थिव शरीर उत्तर प्रदेश स्थित उनके गृह नगर भेजा गया।

जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सचदेवा ने पुष्पांजलि समारोह का नेतृत्व किया, जिसमें भारतीय वायुसेना के अधिकारी भी शामिल हुए।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आनंद जैन, जम्मू के संभागीय आयुक्त रमेश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पुष्पचक्र अर्पित कर जवान को सलामी दी।

हाल के महीनों में जम्मू में आतंकी गतिविधियों में तेजी आई है जिससे क्षेत्र में आतंकवाद के फिर से पनपने की आशंका बढ़ गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)