देश की खबरें | झारखंड के एक गांव में दुर्गा की प्रतिमा की तस्वीर खींचने पर आदिवासियों की पिटाई : पुलिस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड के गढ़वा जिले में दुर्गा की मूर्ति की तस्वीर खींचने पर पांच आदिवासियों को गांव के प्रधान और उसके लोगों ने कथित तौर पर पीटा। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

गढ़वा, 10 अक्टूबर झारखंड के गढ़वा जिले में दुर्गा की मूर्ति की तस्वीर खींचने पर पांच आदिवासियों को गांव के प्रधान और उसके लोगों ने कथित तौर पर पीटा। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि फोटो खींचने वाले व्यक्ति विनोद कोरवा का सिर भी मुंडवाया गया।

पुलिस ने बताया कि उक्त घटना राज्य की राजधानी रांची से करीब 210 किलोमीटर दूर पाल्हे गांव में छह अक्टूबर को हुई थी।

उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग के पांच लोगों और एक विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) से संबंधित बीटा पंचायत के मुखिया सहित आठ लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

चीनिया थाना प्रभारी बीरेंद्र हांसदा ने कहा, ‘‘ पीड़ितों ने बीटा पंचायत के मुखिया रामेश्वर सिंह और सात अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। आरोपी को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है। ’’

विनोद कोरवा ने दावा किया, ‘‘ जब मैं विसर्जन के दिन दुर्गा की मूर्ति की तस्वीर खींच रहा था, तो कुछ लोगों ने मुझे पूजा पंडाल से बाहर निकाल दिया और कहा कि मैं कोरवा जाति का हूं, इसलिए यहां नहीं रूक सकता। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद उसी गांव के गंगा कोरवा, रूपेश कोरवा, गंगा कोरवा और अजय कोरवा मुझे बचाने के लिए आये, लेकिन उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें भी पीटा गया।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now