देश की खबरें | संयुक्त अहीर रेजिमेंट मोर्चा के प्रदर्शन के चलते दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर यातायात अवरूद्ध
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय थल सेना में अहीर रेजिमेंट बनाने की अपनी मांग के समर्थन में संयुक्त अहीर रेजिमेंट मोर्चा के सदस्यों के प्रदर्शन के चलते बुधवार को दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर यातायात अवरूद्ध हो गया।
गुरुग्राम (हरियाणा), 23 मार्च भारतीय थल सेना में अहीर रेजिमेंट बनाने की अपनी मांग के समर्थन में संयुक्त अहीर रेजिमेंट मोर्चा के सदस्यों के प्रदर्शन के चलते बुधवार को दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर यातायात अवरूद्ध हो गया।
प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर खेरकी दौला टोल प्लाजा से हीरो होंडा चौक की ओर मार्च किया।
करीब एक महीने से आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिलने पर यह प्रदर्शन मार्च निकाला।
प्रदर्शनकारी समूह के सदस्य मनोज कंकरोला ने कहा, ‘‘हम अब तक शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन वे (प्रशासन) वर्षों पहले किये गये वादों पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। सड़क पर उतरने के अलावा हमारे पास अब कोई विकल्प नहीं है।’’
इस बीच, गुरुग्राम यातायात पुलिस ने वाहनों को दूसरे मार्ग की ओर मोड़ दिया, लेकिन ना सिर्फ एक्सप्रेसवे पर, बल्कि सोहना रोड पर भी यातायात अवरूद्ध होने की खबरें हैं।
गुरुग्राम पुलिस ने ट्विटर पर कहा, ‘‘राजीव चौक के पास एनएच-48 पर यातायात अवरूद्ध होने की खबर है। हमारे यातायात अधिकारी ट्रैफिक को सुगम करने के लिए मौके पर मौजूद हैं। असुविधा के लिए खेद है। ’’
पुलिस उपायुक्त (यातायात) रविंदर सिंह तोमर ने कहा, ‘‘हम स्थिति से बखूबी निपट रहे हैं। कुछ स्थानों पर हमारे समक्ष समस्याएं हैं लेकिन हम वाहनों को आगे बढ़ा रहे हैं। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)