देश की खबरें | टीएनएसएचआरसी के सदस्य ने सेंथिल से की मुलाकात, अन्नाद्रमुक ने जताई आपत्ति

चेन्नई, 15 जून तमिलनाडु राज्य मानवाधिकार आयोग (टीएनएसएचआरसी) के सदस्य वी. कन्नदासन ने गिरफ्तार किए गए मंत्री वी. सेंथिल बालाजी से बृहस्पतिवार को एक अस्पताल में मुलाकात की।

उन्होंने कहा कि सेंथिल ने उन्हें बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनके साथ ‘‘बुरा व्यवहार’’ किया।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता सेंथिल को कथित ‘नौकरी के बदले नकदी’ घोटाले से जुड़े धन शोधन के एक मामले में 14 जून को गिरफ्तार किया था।

वहीं विपक्षी दल अन्नाद्रमुक ने कन्नदासन के बालाजी से मिलने के लिए सरकारी अस्पताल जाने पर आपत्ति जताई और दावा किया कि उन्होंने पूर्व में टेलीविजन पर चर्चा के दौरान सत्तारूढ़ द्रमुक के पक्ष में बात रखी है।

बालाजी के साथ अपनी बैठक का हवाला देते हुए कन्नदासन ने कहा कि मंत्री ने उन्हें बताया कि गिरफ्तारी के दौरान ईडी के अधिकारियों ने उनके साथ ‘‘बुरा व्यवहार’’ किया।

कन्नदासन ने कहा, ‘‘ उन्हें घसीटा गया और इससे उनके सिर में चोट आई है।’’

उन्होंने कहा कि वह खबरों और शिकायतों दोनों के मद्देनजर अस्पताल में उनसे मुलाकात करने गए। हालांकि, केवल चिकित्सक ही राज्य के बिजली और आबकारी मंत्री वी. सेंथिल बालाजी को लगी चोटों के बारे में पुष्टि कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु राज्य मानवाधिकार आयोग मामले पर गौर करेगा।

इस बीच, अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक आई.एस. इंबदुरई ने कन्नदासन के सेंथिल बालाजी से मिलने पर सवाल उठाया और कहा कि टेलीविजन पर चर्चा के दौरान पहले भी उन्होंने सत्तारूढ़ द्रमुक के पक्ष में बात रखी है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मामले में कन्नदासन द्वारा दायर रिपोर्ट ‘‘झूठी’’ होगी।

कन्नदासन की नियुक्ति को ही ‘‘गलत’’ करार देते हुए उन्होंने कहा ‘‘हम यह मामला अलग से उठाएंगे।’’

इंबदुरई ने कहा कि कन्नदासन की संभावित रिपोर्ट ‘‘ खुद के ही मामले में खुद न्याय करने’’ जैसी है। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह इस मामले में टीएनएसएचसी के हस्तक्षेप के खिलाफ नहीं हैं।

गौरतलब है कि ईडी ने मंत्री पर 2014-15 में राज्य के परिवहन उपक्रमों में कथित ‘नौकरी के बदले नकदी’ घोटाले में अपने पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। बालाजी तब अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) में थे और दिवंगत मुख्यमंत्री जयललिता की सरकार में परिवहन मंत्री थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)