देश की खबरें | इपीआईसी के दोहराव वाले अनुक्रमांक पर टीएमसी ने कहा- आयोग को 24 घंटे के भीतर भूल स्वीकार करे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सोमवार को मतदाता पहचान पत्र (इपीआईसी) के दोहराव वाले अनुक्रमांक पर निर्वाचन आयोग के जवाब पर असंतोष प्रकट करते हुये कहा कि चुनाव निकाय को 24 घंटे के भीतर इस भूल को स्वीकार करना चाहिये।
नयी दिल्ली, तीन मार्च तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सोमवार को मतदाता पहचान पत्र (इपीआईसी) के दोहराव वाले अनुक्रमांक पर निर्वाचन आयोग के जवाब पर असंतोष प्रकट करते हुये कहा कि चुनाव निकाय को 24 घंटे के भीतर इस भूल को स्वीकार करना चाहिये।
राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओब्रायन ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यदि आयोग ऐसा करने में विफल रहता है तो पार्टी मंगलवार की सुबह इस मुद्दे पर और दस्तावेज लेकर आएगी।
ओब्रायन ने राज्यसभा में टीएमसी की उपनेता सागरिका घोष एवं लोकसभा सदस्य कीर्ति आज़ाद के साथ एक ही मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) संख्या वाले पहचान पत्रों की सूची दिखाई और कहा कि उनमें से अधिकतर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों के हैं।
उन्होंने कहा, "इन लोगों को वोट देने के लिए दूसरे राज्यों से लाया जाएगा, जो अस्वीकार्य है।"
दो अलग-अलग राज्यों में मतदाताओं को एक जैसी मतदाता पहचान पत्र संख्या जारी किए जाने की खबरों के बीच, आयोग ने रविवार को कहा कि वह इस मसले को दुरुस्त करेगा और अपने प्रौद्योगिकी आधारित मंच को भी अद्यतन करेगा।
इसने कहा कि कुछ मतदाताओं की ईपीआईसी संख्या ‘एक समान हो सकती हैं’, लेकिन जनसांख्यिकीय जानकारी, विधानसभा क्षेत्र और मतदान केंद्र जैसे अन्य विवरण अलग-अलग हो सकते हैं।
ओब्रायन ने इसे "एपिक घोटाला" करार देते हुए आरोप लगाया कि आयोग ने यह बयान तब जारी किया जब तृणमूल कांग्रेस ने घोषणा की कि वह इस मुद्दे पर संवाददाता सम्मेलन करने जा रही है।
उन्होंने कहा, "निर्वाचन आयोग की सीमित सराहना है। मैं सीमित इसलिए कह रहा हूं क्योंकि आयोग त्रुटि मान रहा है लेकिन इसे स्वीकार नहीं कर रहा है।’’
राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘हम निर्वाचन आयोग से विनम्रतापूर्वक अनुरोध करते हैं कि वह अगले 24 घंटों में इसे स्वीकार कर ले। यदि ऐसा नहीं होता है तो हम मंगलवार सुबह नौ बजे एक और दस्तावेज साझा करेंगे।"
टीएमसी नेताओं ने भी इसकी गहन जांच की मांग की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)