देश की खबरें | यजमानी के विवाद में तीर्थ पुरोहित की गोली मारकर हत्या
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के यमुना पार नैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत अरैल में यजमानी को लेकर हुए विवाद में मंगलवार को एक तीर्थ पुरोहित की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।
प्रयागराज, पांच जुलाई उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के यमुना पार नैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत अरैल में यजमानी को लेकर हुए विवाद में मंगलवार को एक तीर्थ पुरोहित की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।
पुलिस अधीक्षक (यमुनापार) सौरभ दीक्षित ने बताया कि तीर्थ पुरोहित आशीष उर्फ बबुआ तिवारी (18) की मंगलवार की दोपहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि यह गोली आशीष के पड़ोसी द्वारा लाइसेंसी रिवाल्वर से चलाई गई।
उन्होंने बताया कि इस घटना में आशीष की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि लवकुश नाम का एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है जिसे इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दीक्षित ने बताया कि इस घटना की मुख्य वजह यजमानी को लेकर हुआ विवाद है। उन्होंने बताया कि तीर्थ पुरोहितों का एक रोस्टर होता है जिसके मुताबिक अलग अलग दिनों में वे अपनी बारी आने पर परिवारों की यजमानी करते हैं।
उन्होंने बताया कि सोमवार को रोस्टर से हटकर किसी यजमान से पैसे लेने पर यह विवाद पैदा हुआ।
पीड़ित पक्ष ने बताया कि सोमवार को इस विवाद को लेकर अरैल पुलिस चौकी में एक लिखित शिकायत की गई थी, लेकिन संबंधित पुलिस मौके पर नहीं आयी ।
दीक्षित ने बताया कि पीड़ित पक्ष ने तीन लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज दिया है और तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)