देश की खबरें | गैंगस्टर टीनू को भागने में सहयोग करने के आरोपी तीन लोगों को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब पुलिस ने मंगलवार को कहा कि उसने उन तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने गैंगस्टर दीपक टीनू को भागने में कथित रूप से सहयोग किया था। टीनू हाल ही में मानसा में पुलिस हिरासत से भाग गया था।
चंडीगढ़, 11 अक्टूबर पंजाब पुलिस ने मंगलवार को कहा कि उसने उन तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने गैंगस्टर दीपक टीनू को भागने में कथित रूप से सहयोग किया था। टीनू हाल ही में मानसा में पुलिस हिरासत से भाग गया था।
पुलिस ने कहा कि पंजाब के पंजीकरण नंबर वाली कार को भी उनके पास से बरामद किया गया है, जिसका इस्तेमाल अपराध में किया गया।
गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में टीनू एक आरोपी है, लेकिन वह मानसा पुलिस की अपराध जांच एजेंसी (सीआईए) की हिरासत से एक और दो अक्टूबर की दरमियानी रात भाग गया था।
इस मामले में गिरफ्तार किये गये लोगों की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ कोहली, राजवीर सिंह उर्फ काजमा और रजिंदर सिंह उर्फ गोरा के रूप में हुई है और ये सभी लुधियाना के निवासी हैं।
पंजाब पुलिस ने कहा कि कुलदीप कोहली एक व्यायामशाला का मालिक है जिसकी आड़ में वह मादक पदार्थ का कारोबार चलाता था।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव को उद्धृत करते हुए एक बयान में कहा गया कि तीनों आरोपी टीनू के करीबी सहयोगी हैं और इन्होंने उसे पुलिस हिरासत से भागने में सहयोग किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)