फतेहपुर (उप्र), 29 अगस्त जिले की बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के रतवा खेड़ा गांव में बारिश की वजह से शनिवार शाम एक कच्चे मकान की छत ढहने से उसमें दबकर तीन बच्चों की मौत हो गई और छह बच्चे घायल हो गये। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को राहत कार्य करने तथा प्रभावित परिवार को सहायता राशि पहुंचाने के निर्देश दिये हैं।
बिंदकी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सत्येन्द्र सिंह ने बताया, "शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे थाना क्षेत्र के रतवा खेड़ा गांव में बारिश की वजह से सुनील पाल के जर्जर कच्चे मकान की छत के ढह जाने से उसके अंदर मौजूद नौ बच्चे मलबे में दब गए, इनमें उसके तीन बच्चों गुड़िया (15), शिशुपाल (दो) और सभाजीत (पांच) की मौत हो गयी, वहीं इसी परिवार के राजपाल (12), सीलम (8), राखी (12), मानसी (छह), अनुराग (पांच) व आर्यन (चार साल) घायल हो गये हैं।"
यह भी पढ़े | Noida Metro: नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन 7 सितंबर से एक्वा लाइन पर शुरू करेगा सर्विस.
उन्होंने बताया, "सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से बिंदकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया है। इनमें से अनुराग व आर्यन की हालत गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल के लिए रेफर किया गया है, जबकि चार बच्चों का उपचार बिंदकी की अस्पताल में चल रहा है।"
सिंह ने बताया, "मौके पर पहुंचे बिंदकी के उपजिलाधिकारी आशीष कुमार ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए उन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद दिलाए जाने का आश्वासन दिया है।"
लखनऊ में एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उक्त घटना में बच्चों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को तत्काल दुर्घटना स्थल पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिये हैं।
उन्होंने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस दुर्घटना के प्रभावितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी जाये।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY