खेल की खबरें | एशियाई चैंपियनशिप के पहले दिन भारतीय ग्रीको रोमन पहलवानों को तीन कांस्य पदक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय पहलवानों के लिए मंगलवार को यहां एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में यादगार दिन रहा जब भारत के पांच ग्रीको रोमन पहलवानों में से सुनील कुमार सहित तीन ने कांस्य पदक जीते।
उलानबटोर (मंगोलिया), 19 अप्रैल भारतीय पहलवानों के लिए मंगलवार को यहां एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में यादगार दिन रहा जब भारत के पांच ग्रीको रोमन पहलवानों में से सुनील कुमार सहित तीन ने कांस्य पदक जीते।
सुनील ने दूसरी बार एशियाई चैंपियनशिप में पदक जीता है। इससे पहले उन्होंने 2020 में 87 किग्रा वर्ग में खिताब जीता था।
तेइस साल के सुनील ने मंगोलिया के बातबायर लुटबायर के खिलाफ कांस्य पदक के मुकाबले में शुरुआत में ही 5-0 की बड़ी बढ़त बना ली और अंतत: तकनीकी दक्षता के आधार पर जीत दर्ज की।
सुनील को सेमीफाइनल में उज्बेकिस्तान के जालगेसबे बेरदिमुरातोव के खिलाफ तकनीकी दक्षता के आधार पर शिकस्त झेलनी पड़ी थी। उन्होंने जापान के मसातो सुमि के खिलाफ 5-3 की जीत से शुरुआत की थी।
अर्जुन हलाकुर्की (55 किग्रा) ने कांस्य पदक के प्ले आफ में दावसबंदी मुंख एर्देन को 10-7 से हराया। उन्हें क्वार्टर फाइनल में कजाखस्तान के अमंगाली बेकबोलातोव के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
अर्जुन ने भी 2020 में इस प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था।
नीरज (63 किग्रा) ने उज्बेकिस्तान के इस्लोमजोन बखरामोव को 7-4 से हराकर कांस्य पदक जीता। उन्हें क्वार्टर फाइनल में किर्गिस्तान के टाइनार शार्शेनबेकोव के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी जिन्होंने बाद में खिताब जीता।
साजन भानवाल हालांकि 77 किग्रा वर्ग में जापान के कोदाई साकुराबा के खिलाफ शिकस्त के साथ कांस्य पदक से चूक गए।
प्रेम कुमार को 130 किग्रा वर्ग के पहले क्वालीफिकेशन मुकाबले में ईरान के आमिर मोहम्मदली घासमिमोनजाजी के खिलाफ 0-5 की हार से झेलनी पड़ी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)