देश की खबरें | जिनके पक्के मकान हैं, उन्हें पीएमएवाई के तहत धन नहीं मिलना चाहिए : टीएमसी सांसद देव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अभिनेता से नेता बने तृणमूल कांग्रेस के सांसद दीपक अधिकारी उर्फ देव ने कहा कि पक्के घरों वाले लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत धन नहीं मिलना चाहिए।
कोलकाता, 10 जनवरी अभिनेता से नेता बने तृणमूल कांग्रेस के सांसद दीपक अधिकारी उर्फ देव ने कहा कि पक्के घरों वाले लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत धन नहीं मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वह “सही और गलत के बीच अंतर” करने में संकोच नहीं करेंगे, भले ही उनकी अपनी पार्टी के किसी व्यक्ति द्वारा कुछ अनुचित किया गया हो।
उनकी टिप्पणी विपक्षी भाजपा के आरोपों की पृष्ठभूमि में आई है, जिनमें कहा गया है कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नियंत्रित पंचायतों में ग्रामीण गरीबों के लिए आवास योजना पीएमएवाई के तहत पात्र लोगों को धन नहीं मिल रहा है।
दो केंद्रीय दलों ने हाल ही में प्रखंड विकास अधिकारी और ग्रामीणों से मिलने तथा स्थिति का पता लगाने के लिए मालदा व पश्चिम मेदिनीपुर जिलों का दौरा किया।
देव ने सोमवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिले में अपने घाटाल लोकसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान एक प्रश्न के उत्तर में संवाददाताओं से कहा, “जो गलत है, उसे स्वीकार किया जाना चाहिए, भले ही उसे हमारी पार्टी से ही किसी ने अंजाम दिया हो। जिन गरीबों के सिर पर पक्की छत नहीं है, उन्हें सरकार की ग्रामीण आवास योजना की निधि मिलनी चाहिए, न कि उन्हें जिनके पहले से ही एक या दो मंजिला भवन हैं।”
उन्होंने कहा, “पीएमएवाई निधि पाने वाले अपात्र लोगों के उदाहरण हो सकते हैं, लेकिन टीएमसी के शीर्ष नेतृत्व का इसे कतई बर्दाश्त नहीं करने का रुख रहा है।”
पार्टी सांसद की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुखेंदु शेखर रॉय ने ‘पीटीआई-’ से कहा कि पीएमएवाई लाभार्थियों के निर्धारण के लिए कुछ मानदंड हैं और राज्य सरकार हमेशा उनका पालन करती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)