देश की खबरें | भारत को ललकारने वालों को मुहंतोड़ जवाब पहले भी दिया गया और आज भी दिया जाएगा: कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि हिंदुस्तान के आत्मसम्मान और स्वाभिमान को ललकारने वालों को पहले भी मुंहतोड़ जवाब दिया गया है और आगे भी दिया जाएगा तथा निर्दोष लोगों की हत्या करने वालों की कीमत चुकानी होगी।
नयी दिल्ली, नौ मई कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि हिंदुस्तान के आत्मसम्मान और स्वाभिमान को ललकारने वालों को पहले भी मुंहतोड़ जवाब दिया गया है और आगे भी दिया जाएगा तथा निर्दोष लोगों की हत्या करने वालों की कीमत चुकानी होगी।
मुख्य विपक्षी दल भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति एकजुटता प्रकट करते हुए आज सभी राज्यों में ‘जयहिंद यात्रा’ निकालने जा रहा है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘इतिहास गवाह है कि जब-जब किसी ने हिंदुस्तान के आत्मसम्मान और स्वाभिमान को ललकारा है, हमने उसे मुंहतोड़ जवाब दिया है। जब इस मिट्टी की रक्षा के लिए अपने खून का एक-एक कतरा कुर्बान करने का जज्बा लिए हमारे जवान हुंकार भरते हैं, तो दुश्मन का कलेजा मुंह को आ जाता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एक बार फिर हमें ललकारा गया है, हमारी सहनशीलता और धैर्य की परीक्षा ली गई है। दहशतगर्दों ने हमारे निर्दोष लोगों की बेरहमी से जान ले ली, उन्हें इसकी कीमत चुकानी ही पड़ेगी।’’
रमेश का कहना था, ‘‘कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता इस मुश्किल घड़ी में अपने देश की सेना के साथ खड़ा है। हम हमारे शूरवीरों के समर्थन में आज पूरे देश में 'जय हिंद यात्रा' निकाल रहे हैं। हमें अपने सैनिकों पर गर्व है। जय हिंद की सेना।’’
कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अपना सर्वस्व समर्पित कर भारत की जल, थल और वायु सेना लगातार शौर्य और पराक्रम में नए मानक स्थापित करती जा रही है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान को ईंट का जवाब पत्थर से देने के लिए, पाकिस्तान की नाक में नकेल डालने के लिए और उसके नापाक मंसूबों को नेस्तेनाबूद करने के लिए भारत की सेना की जितनी तारीफ की जाए, वो कम है।’’
उनके अनुसार, 1971 में जब पाकिस्तान की नापाक नजर भारत के तिरंगे और सरजमीं पर पड़ी थी, तो उस तिरंगे को बचाने के लिए पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए गए थे और पाकिस्तान को ऐसा जख्म दिया, जिसका मरहम पाकिस्तान आज तक नहीं खोज पाया है।
रागिनी ने इस बात पर जोर दिया, ‘‘जब तिरंगे पर बात आती है, तो हर भारतीय एक हो जाता है। 15 अगस्त और 26 जनवरी को इसी तिरंगे के नीचे खड़े होकर हर भारतीय 'जय हिंद' का नारा लगाता है। आज तिरंगे को हाथ में लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ता हर प्रदेश में 'जय हिंद यात्रा' निकालेंगे। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने ये साफ कर दिया है कि ये दलगत राजनीति का समय नहीं है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)