देश की खबरें | कोविड-19 टीका लेने वालों को अपनी पसंद का विकल्प चुनने का अवसर नहीं मिलेगा : सरकार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सरकार ने मंगलवार को संकेत दिया कि कोविड-19 का टीका लेने वालों को देश में आपात स्थिति में इस्तेमाल के लिए मंजूर टीकों में से अपनी पसंद का विकल्प चुनने का मौका नहीं मिलेगा।
नयी दिल्ली, 12 जनवरी सरकार ने मंगलवार को संकेत दिया कि कोविड-19 का टीका लेने वालों को देश में आपात स्थिति में इस्तेमाल के लिए मंजूर टीकों में से अपनी पसंद का विकल्प चुनने का मौका नहीं मिलेगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘विश्व में कई जगहों पर एक से ज्यादा टीके इस्तेमाल हो रहे हैं लेकिन वर्तमान में किसी भी देश में टीका लेने वालों को अपनी पसंद का विकल्प चुनने का मौका नहीं दिया जा रहा है।’’
भारत ने हाल में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के ‘कोविशील्ड’ और भारत बायोटेक के ‘कोवैक्सीन’ के टीके को आपात स्थिति में इस्तेमाल करने को मंजूरी दी थी।
भूषण ने कहा कि 28 दिन के अंतराल पर टीके की दूसरी खुराक दी जाएगी और इसका असर 14 दिनों के बाद दिखेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए हम लोगों से कोविड-19 के संबंध में उचित व्यवहार का पालन करने का अनुरोध करते हैं। ’’
भूषण ने कहा कि मंगलवार दोपहर तक निर्धारित राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय भंडारण केंद्र तक कोविड-19 टीके की 54.72 लाख खुराक पहुंचा दी गयी है। इस तरह शनिवार से टीकाकरण अभियान शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि 14 जनवरी तक सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से 1.1 करोड़ और भारत बायोटेक से 55 लाख खुराक मिल जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)