खेल की खबरें | ओस नहीं होने से बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम पर अधिक दबाव होगा : गिल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारत के उपकप्तान शुभमन गिल ने चैम्पियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ बहुचर्चित मुकाबले से पहले कहा कि दुबई में ओस नहीं होने से बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम पर अधिक दबाव होगा और 300 से अधिक का स्कोर काफी अच्छा रहेगा ।

दुबई,22 फरवरी भारत के उपकप्तान शुभमन गिल ने चैम्पियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ बहुचर्चित मुकाबले से पहले कहा कि दुबई में ओस नहीं होने से बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम पर अधिक दबाव होगा और 300 से अधिक का स्कोर काफी अच्छा रहेगा ।

भारत का आईसीसी टूर्नामेंटों में पाकिस्तान पर हमेशा दबदबा रहा है और दोनों के बीच मुकाबलों को लेकर काफी हाइप रहती है । सरहद के दोनों पार इस मैच को लेकर दर्शकों के बीच बने रोमांच का गिल को इल्म है लेकिन इससे उनके या टीम के लिये कुछ नहीं बदलता ।

गिल ने मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ मैं यह नहीं कह सकता कि भारत पाकिस्तान मैच को लेकर हाइप ज्यादा रहती है या कम । भारत . पाकिस्तान क्रिकेट का लंबा इतिहास है । यह रोमांचक मुकाबला है लेकिन इससे हमारे लिये कुछ नहीं बदलता ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ यह महत्वपूर्ण मैच है लेकिन सबसे महत्वपूर्ण मैच फाइनल होगा ।’’

यूएई में टी20 विश्व कप के दौरान ओस की भूमिका अहम रही और गिल का कहना है कि वनडे प्रारूप में यह और भी अहम होगी । उन्होंने यह भी कहा कि यहां ओस नहीं होने से दूधिया रोशनी में बल्लेबाजी करना मुश्किल होगा ।

उन्होंने कहा ,‘‘ पिछले मैच में यहां ओस नहीं थी । ऐसे में फ्लड लाइट्स में बल्लेबाजी करना और स्ट्राइक रोटेट करना आसान नहीं होता । बीच के ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी करने वाली टीम के जीतने की संभावना अधिक होगी ।टॉस से उतना फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि ओस नहीं है । बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम पर दबाव रहेगा ।’’

उन्होंने यह भी कहा कि 300 से अधिक का स्कोर अच्छा रहेगा ।

उन्होंने कहा ,‘‘ हम आक्रामक और सकारात्मक क्रिकेट खेलेंगे लेकिन यह पिच पर भी निर्भर होगा । इस विकेट पर 300 या 280 का स्कोर अच्छा रहेगा ।’’

भारत ने पहले मैच में बांग्लादेश को हराया लेकिन पाकिस्तान न्यूजीलैंड से हार गया और अब उसे हर हालत में यह मैच जीतना होगा ।

गिल मैदान पर चौकों की तलाश में रहते हैं जबकि कप्तान रोहित शर्मा पावरप्ले में काफी जोखिम लेकर बल्लेबाजी करते हैं जिससे सलामी जोड़ी के रूप में उन्हें कामयाबी मिलती है ।

गिल ने कहा ,‘‘ रोहित भाई हवा में शॉट्स ज्यादा खेलते हैं और छक्के लगाने की कोशिश करते हैं । मैं जमीनी शॉट तलाशता हूं । इससे हमारी जोड़ी को सफलता मिलती है क्योंकि हम अलग अलग तरह से शॉट खेलते हैं ।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\