देश की खबरें | रूस-यूक्रेन युद्ध के निकट भविष्य में शांतिपूर्ण समाधान की बहुत उम्मीद नहीं: संयुक्त राष्ट्र प्रमुख
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें रूस-यूक्रेन युद्ध के "निकट भविष्य" में शांतिपूर्ण समाधान की बहुत उम्मीद नहीं है।
नयी दिल्ली, आठ सितंबर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें रूस-यूक्रेन युद्ध के "निकट भविष्य" में शांतिपूर्ण समाधान की बहुत उम्मीद नहीं है।
गुतारेस ने यह बात यहां जी20 शिखर सम्मेलन से पहले संवाददाता सम्मेलन में कही।
गुतारेस ने रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए भारत की एक संभावित मध्यस्थ की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर पत्रकारों से कहा, “मुझे निकट भविष्य में किसी शांति समाधान की बहुत उम्मीद नहीं है। मेरा मानना है कि दोनों पक्षों ने संघर्ष पर अब भी आगे बढ़ने का फैसला किया है।”
उन्होंने कहा, “जाहिर है, हमें उन सभी की प्रशंसा करने की जरूरत है जिन्होंने अच्छे इरादे से इस नाटकीय स्थिति को खत्म करने के लिए हर संभव कोशिश की।”
यह पूछे जाने पर कि क्या यह संयुक्त राष्ट्र की विफलता है कि यूक्रेन संघर्ष जैसे मुद्दे जी20 शिखर सम्मेलन में संयुक्त घोषणा में बाधक बन रहे हैं, इस पर गुतारेस ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र को उसके सदस्य देशों के कार्यों के लिए दोषी ठहराना आसान है।
उन्होंने कहा, “संयुक्त राष्ट्र ने यूक्रेन पर आक्रमण नहीं किया, संयुक्त राष्ट्र ने इस संघर्ष के लिए परिस्थितियां उत्पन्न नहीं कीं।
गुतारेस ने कहा, “सदस्य देशों को अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए और सदस्य देशों की विफलताओं या नकारात्मक कार्यों के लिए संयुक्त राष्ट्र को बलि का बकरा नहीं बनाया जाना चाहिए।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)