खेल की खबरें | भारत के खिलाफ मैच को लेकर कोई दबाव नहीं है: पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी के अहम मुकाबले को लेकर बन रही ‘हाइप’ के बावजूद तेज गेंदबाज हारिस रऊफ का कहना है कि वे रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम के खिलाफ मैच को किसी अन्य मुकाबले की तरह ही लेंगे और खिताब की दौड़ में बने रहने के लिए जीत का लक्ष्य बनाये रखेंगे।

दुबई, 21 फरवरी भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी के अहम मुकाबले को लेकर बन रही ‘हाइप’ के बावजूद तेज गेंदबाज हारिस रऊफ का कहना है कि वे रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम के खिलाफ मैच को किसी अन्य मुकाबले की तरह ही लेंगे और खिताब की दौड़ में बने रहने के लिए जीत का लक्ष्य बनाये रखेंगे।

कराची में पहले मैच में न्यूजीलैंड से हारने के बाद पाकिस्तान को आठ टीमों के टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में जगह बनाने के लिए भारत को हराना होगा।

भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ छह विकेट की जीत के बाद इस उच्च दबाव वाले मैच में उतरेगी।

रऊफ ने कहा, ‘‘भारत के खिलाफ मैच में कोई दबाव नहीं है, सभी खिलाड़ी तनावमुक्त हैं और हम इसे किसी अन्य मैच की तरह ही लेंगे। ’’

उन्होंने कहा कि वह शत प्रतिशत मैच-फिट हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने 10 ओवर के कोटे की गेंदबाजी करके उन्होंने यह साबित कर दिया है।

रऊफ ने कहा, ‘‘हमने दुबई में भारत को दो बार हराया है इसलिए हम यहां की परिस्थितियों को अच्छी तरह जानते हैं। हमारी पूरी योजना मैच के दिन की परिस्थितियों और पिच पर निर्भर करेगी। ’’

उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच बीत चुका है और अब खिलाड़ियों का ध्यान भारत के खिलाफ मैच पर है।

रऊफ ने कहा, ‘‘हां, सैम अयूब और अब फखर जमां की अनुपस्थिति चैंपियंस ट्रॉफी में हमारे लिए एक बड़ा झटका है। लेकिन हमारे पास अब भी अच्छा प्रदर्शन करने और इस टूर्नामेंट में हमें आगे ले जाने वाले खिलाड़ी मौजूद हैं। ’’

उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी को अहसास है कि भारत के खिलाफ मैच में नायक बनने का बड़ा मौका है लेकिन यह तभी संभव होगा जब वे धैर्य बनाए रखेंगे और अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\