देश की खबरें | गोवा के लईराई देवी मंदिर की संकरी गलियों की वजह से हमेशा ‘भगदड़’ की आशंका रहती : अधिकारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तरी गोवा के जिस मंदिर में शनिवार को भगदड़ हुई और छह लोगों की जान चली गई, वहां पर ढलान वाला रास्ता है और यह दुर्घटना संभावित क्षेत्र है। इसी समारोह में पिछले साल भी मामूली स्तर पर ऐसी ही एक घटना हुई थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पणजी, चार मई उत्तरी गोवा के जिस मंदिर में शनिवार को भगदड़ हुई और छह लोगों की जान चली गई, वहां पर ढलान वाला रास्ता है और यह दुर्घटना संभावित क्षेत्र है। इसी समारोह में पिछले साल भी मामूली स्तर पर ऐसी ही एक घटना हुई थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि भगदड़ में गंभीर रूप से घायल लोगों की हालत स्थिर बनी हुई है।
उत्तरी गोवा जिले के शिरगांव स्थित श्री लईराई देवी मंदिर में अनुष्ठान जारी रहा और मंदिर समिति द्वारा लोगों से दूर रहने की अपील के बावजूद सैकड़ों श्रद्धालु पैदल ही मंदिर पहुंचे।
मंदिर की ओर जाने वाली संकरी गलियों में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के आने से शनिवार सुबह भगदड़ मच गई थी। इस घटना में छह लोगों की मौत हो गई और करीब 70 लोग घायल हो गए।
अधिकारी ने बताया कि सरकार द्वारा गठित तथ्यान्वेषी समिति ने कार्यक्रम में भीड़ प्रबंधन के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के बयान दर्ज किए हैं।
सरकार ने राजस्व सचिव संदीप जैक्स की अध्यक्षता में एक तथ्यान्वेषी समिति का गठन किया है, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वर्षा शर्मा, राज्य परिवहन निदेशक परिमल अभिषेक और दक्षिण गोवा के पुलिस अधीक्षक टीकम सिंह वर्मा शामिल हैं।
वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ से कहा कि भगदड़ एक ढलान पर मची, जो दुर्घटना संभावित क्षेत्र है और समिति घटना के पीछे की सटीक वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)