देश की खबरें | ओडिशा के अधिकांश क्षेत्रों में चार दिन तक भारी बारिश की संभावना

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा में अगले चार दिनों तक भारी वर्षा होने की संभावना है क्योंकि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र रविवार तक अवदाब में बदलने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

भुवनेश्वर, सात सितंबर ओडिशा में अगले चार दिनों तक भारी वर्षा होने की संभावना है क्योंकि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र रविवार तक अवदाब में बदलने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

उसने एक बुलेटिन में कहा कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर पश्चिम एवं मध्यम क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।

उसने कहा, ‘‘ऐसी संभावना है कि यह उत्तर की ओर बढ़ेगा और आठ सितंबर को ओडिशा-पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदान के तटीय क्षेत्रों के पास बंगाल की खाड़ी के उत्तर पश्चिम हिस्से की ओर बढ़कर अवदाब का रूप ले लेगा। इसलिए अगले तीन दिनों के दौरान इसके उत्तरपश्चिमी की ओर बढ़कर पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदान, उत्तरी ओडिशा, झारखंड और निकटवर्ती छत्तीसगढ़ में बढ़ने की संभावना है।’’

ओडिशा में पिछले 24 घंटे में भारी वर्षा हुई है। सबसे अधिक 81 मिलीमीटर बारिश बौद जिले के खैरमल में हुई है जबकि गजपति के गोसानी में 79 मिलीमीटर वर्षा हुई।

बुलेटिन में कहा गया है कि अगले 24 घंटे के दौरान पुरी, खुर्धा, नयागढ़, कंधमाल, गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कालाहांडी, नबरंगपुर, कोरापुट और मलकानगिरि में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश (सात सेमी से 11 सेमी) होने की संभावना है।

मौसम कार्यालय ने रविवार को गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, मलकानगिरि और कोरापुट जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी से अत्यधिक बारिश होने की ‘ऑरेंज’ चेतावनी भी जारी की।

रविवार को केन्द्रपाड़ा, खुर्दा, पुरी, जगतसिंहपुर, कटक, नयागढ़, कंधमाल, कालाहांडी और नवरंगपुर जिलों के एक या दो स्थानों पर भारी बारिश की 'येलो' चेतावनी भी जारी की गई।

विभाग ने सोमवार, मंगलवार और बुधवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने का अनुमान जताया है।

उसने कहा है कि 8-11 सितंबर के दौरान उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, उससे सटे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी, ओडिशा के तटों पर और उसके आसपास 40-50 किमी प्रति घंटे से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक की तेज हवा चलने की संभावना है।

मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे इस दौरान ओडिशा तट, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के पास समुद्र में न जाएं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\