देश की खबरें | तेलंगाना सरकार सेना के साथ मिलकर काम कर रही, फंसे लोगों को शाम तक बचा लेने की उम्मीद : मंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेलंगाना सरकार सेना, नौसेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और देश के कई सुरंग विशेषज्ञों के साथ मिलकर उन आठ लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है, जो एसएलबीसी परियोजना में सुरंग का एक हिस्सा ढह जाने के बाद पिछले 30 घंटों से सुरंग के अंदर फंसे हुए हैं। मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने रविवार को यह जानकारी दी।

नगरकुरनूल (तेलंगाना), 23 फरवरी तेलंगाना सरकार सेना, नौसेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और देश के कई सुरंग विशेषज्ञों के साथ मिलकर उन आठ लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है, जो एसएलबीसी परियोजना में सुरंग का एक हिस्सा ढह जाने के बाद पिछले 30 घंटों से सुरंग के अंदर फंसे हुए हैं। मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने रविवार को यह जानकारी दी।

घटनास्थल पर बचाव अभियान की निगरानी कर रहे रेड्डी ने उम्मीद जताई कि सुरंग में फंसे लोगों को शाम तक बचा लिया जाएगा।

तेलंगाना में श्रीशैलम सुरंग नहर परियोजना (एसएलबीसी) के निर्माणाधीन खंड की छत का एक हिस्सा ढह जाने से आठ व्यक्ति अंदर फंस गए हैं।

उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया, ‘‘मैं लगातार निगरानी कर रहा हूं। तेलंगाना सरकार सेना, नौसेना, एनडीआरएफ और देश के कई सुरंग विशेषज्ञों के साथ मिलकर यहां फंसे लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है।’’

मंत्री ने कहा कि जब सुरंग ढही, तब लगभग 70 लोग सुरंग में काम कर रहे थे और उनमें से अधिकतर बच निकलने में सफल रहे।

रेड्डी ने कहा, ‘‘लेकिन कल से आठ लोग लापता हैं। हम प्रार्थना कर रहे हैं कि वे सुरक्षित रहें और हम उम्मीद कर रहे हैं कि हम उन्हें आज शाम तक ढूंढ़ सकेंगे, उन्हें वापस ला सकेंगे और बचा सकेंगे।’’

इस बीच, तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने रविवार को नगरकुरनूल के जिला अधिकारी बी संतोष से फोन पर बात की और सुरंग ढहने के बाद जारी बचाव कार्यों की जानकारी ली।

राजभवन से जारी एक बयान के अनुसार, राज्यपाल को सुरंग में फंसे लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के प्रयासों की जानकारी दी गई।

राज्यपाल ने अधिकारियों को सुरंग में फंसे लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए अपने गहन प्रयास जारी रखने का निर्देश दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\