देश की खबरें | उत्तराखंड को अग्रणी प्रदेश बनाने के लिए प्रतिबद्ध प्रदेश सरकार : धामी

देहरादून, 25 दिसंबर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य गठन के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रेय देते हुए रविवार को कहा कि उनकी सरकार इसे देश का अग्रणी प्रदेश बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

धामी दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की 98वीं जयंती पर चंपावत जिले के उचौलीगोठ में एक 'चौपाल' (सामुदायिक सभा) में बोल रहे थे। वाजपेयी की जयंती को 'सुशासन दिवस' के रूप में मनाया जाता है।

केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दूर-दराज के गांवों में रहने वालों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरे उत्तराखंड में 'सुशासन दिवस' पर गांव की चौपालें आयोजित की गईं।

धामी ने कहा कि वाजपेयी ने उत्तराखंड का गठन किया और उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने उचौलिगोठ गांव के निवासियों से भी बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों से उन्हें तुरंत हल करने को कहा।

उन्होंने हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में मारे गए ग्रामीण दान सिंह के परिजनों को एक लाख रुपये का चेक और दो विकलांग ग्रामीणों को व्हीलचेयर प्रदान की।

विभिन्न गांवों में हुई चौपालों में भिन्न-भिन्न सरकारी विभागों के सचिव भी शामिल हुए।

स्वास्थ्य सचिव आर. राजेश कुमार ने क्वानली गांव में एक चौपाल में भाग लिया और लोगों से स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ उठाने के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने का आग्रह किया।

पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने पौड़ी जिले के यमकेश्वर क्षेत्र के मराल रत्तापानी गांव में चौपाल में लोगों की समस्याएं सुनीं और लोगों से राज्य सरकार की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने को कहा।

चौपाल में यमकेश्वर विधायक रेणु बिष्ट भी मौजूद थीं।

देहरादून के थानो और टिहरी के कुधारना में भी चौपालें लगाई गईं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)