देश की खबरें | प्रधानमंत्री ने देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को लोगों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह त्योहार भारतीय संस्कृति का पवित्र प्रतिबिंब है।

नयी दिल्ली, 30 अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को लोगों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह त्योहार भारतीय संस्कृति का पवित्र प्रतिबिंब है।

मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे सभी परिवारजनों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं। बहन और भाई के बीच अटूट विश्वास और अगाध प्रेम को समर्पित रक्षाबंधन का यह पावन पर्व, हमारी संस्कृति का पवित्र प्रतिबिंब है। मेरी कामना है कि यह पर्व हर किसी के जीवन में स्नेह, सद्भाव तथा सौहार्द की भावना को और प्रगाढ़ करे।’’

इस बीच, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें प्रधानमंत्री स्कूली छात्राओं से राखी बंधवाते और उनसे संवाद करते दिखते हैं।

इस पोस्ट में लिखा गया, ‘‘रक्षाबंधन के अवसर पर दिल्ली में स्कूल की छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राखी बांधी।’’

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया कि प्रधानमंत्री ने बच्चों से विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। इस दौरान बच्चों ने ‘चंद्रयान-3’ मिशन की हाल की सफलता पर अपनी सकारात्मक भावनाएं साझा कीं और आगामी ‘आदित्य एल-1’ मिशन के प्रति अपना उत्साह व्यक्त किया।

बातचीत के दौरान बच्चों ने कविताएं भी सुनाईं और गाने भी गाए। प्रधानमंत्री ने उनकी अभिव्यक्ति से प्रभावित होकर उन्हें जनता के लाभ के लिए सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर कविताएं लिखने के लिए प्रोत्साहित किया।

पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भरता का महत्व समझाते हुए बच्चों को ‘मेड इन इंडिया’ उत्पाद इस्तेमाल करने की सलाह भी दी।

विभिन्न विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के साथ इस त्योहार में भाग लिया। इस अवसर पर गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि, वृन्दावन की विधवाएं तथा अन्य लोग भी उपस्थित थे।

श्रावण मास की पूर्णिमा को हर साल मनाया जाने वाला यह पर्व भाई-बहन के प्यार एवं पवित्र रिश्ते को और गहरा करता है। अटूट प्रेम के इस पर्व पर बहनें जहां अपने भाइयों की सफलता की प्रार्थना करती हैं, वहीं भाई इसके बदले अपनी बहनों की हर प्रकार की विपत्ति से रक्षा करने का संकल्प लेते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now