देश की खबरें | नेपाल के प्रधानमंत्री ने मप्र के महाकालेश्वर मंदिर में की पूजा-अर्चना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन में प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की।
उज्जैन, दो जून नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन में प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की।
प्रचंड अपनी दो दिवसीय मध्य प्रदेश यात्रा पर आए हैं। राज्य के राज्यपाल मंगू भाई पटेल,मंत्रियों मोहन यादव और जगदीश देवड़ा ने देश के 12 'ज्योतिर्लिंगों' में से एक महाकालेश्वर मंदिर में उनका स्वागत किया।
प्रचंड और उनके प्रतिनिधिमंडल के स्वागत के लिए मंदिर परिसर में लाल कालीन बिछाया गया। मंदिर और विशेष तौर पर इसके नंदी हाल एवं गर्भगृह को फूलों से सजाया गया तथा पुजारियों ने पड़ोसी देश से आए अतिथियों के स्वागत में शंखनाद किया।
एक अधिकारी ने कहा कि भगवा रंग की शॉल ओढे प्रचंड ने मंदिर में आने के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना की। इस दौरान पुजारियों द्वारा 'श्लोक' वाचन किया गया। अधिकारी ने कहा कि प्रचंड ने यात्रा के दौरान मंदिर में 100 रुद्राक्ष और 51,000 रुपये चढ़ाए।
प्रचंड दिन में इससे पहले इंदौर पहुंचे थे। बाद में वह इंदौर से 55 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंदिर पहुंचे।
मंदिर में दर्शन करने के बाद प्रचंड इंदौर लौट जायेंगे जहां उनका राज्यपाल से मिलने और स्थानीय निकाय द्वारा संचालित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र का दौरा करने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज रात इंदौर में उनके सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)