देश की खबरें | श्रीकृष्ण जन्मभूमि-ईदगाह मामला को लेकर वादियों ने जिला न्यायाधीश से की विशेष न्यायालय गठन की मांग

मथुरा (उप्र), 15 जुलाई मथुरा जनपद की अदालत में

श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद प्रकरण में सबसे पहले स्वीकृत किए गए वाद के वादियों ने जिला न्यायाधीश राजीव भारती के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर कहा है कि उनकी मांगें अत्यंत महत्वूपर्ण होने के बावजूद अभी तक उनका निराकरण नहीं हो पाया है।

वादियों के वकील अधिवक्ता राजेंद्र माहेश्वरी एवं महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि इसलिए जनपद न्यायाधीश इन वादों की सुनवाई के लिए उसे या तो किसी अन्य सिविल जज अथवा अपर जिला न्यायाधीश के यहां स्थानांतरित कर दें, या फिर इलाहाबाद उच्च न्यायालय को पत्र लिखकर इन मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए एक अलग न्यायालय का गठन कराएं।

माहेश्वरी ने बताया,‘‘ हमने कई बार प्रार्थना पत्र देकर अदालत को अवगत कराया है कि प्रतिपक्षी ईदगाह की दीवारों से हिन्दू मंदिर के प्रतीक चिन्हों को नष्ट करने का प्रयास कर रहे हैं इसलिए वहां का सर्वे कराकर वास्तविक स्थिति से रूबरू हो लिया जाए। किंतु, ऐसा नहीं हुआ। अनावश्यक किस्म के प्रार्थना पत्र एवं अन्य मांगों के चलते हमारी एक भी मांग पर विचार नहीं हो पाया। इसीलिए हमने जिला न्यायाधीश के माध्यम से इलाहाबाद उच्च न्यायालय से पृथक न्यायालय का गठन कराए जाने की मांग के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया है।’’

दूसरी ओर, शुक्रवार को मथुरा की अदालतों में आठ मामलों की सुनवाई होनी थी। किंतु एक युवा अधिवक्ता की असामयिक मृत्यु हो जाने के कारण शोकावकाश घोषित हो गया और किसी भी मसले पर सुनवाई नहीं हुई।

जिला शासकीय अधिवक्ता संजय गौड़ ने बताया, अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा, सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता रंजना अग्निहोत्री, पंकज सिंह के वाद में सुनवाई के लिए अदालत ने पांच अगस्त की तारीख तय की है, वहीं केशवदेव मंदिर के सेवायत पवन शास्त्री, अनिल कुमार त्रिपाठी व अधिवक्ता शैलेन्द्र सिंह आदि की सुनवाई के लिए 16 अगस्त तय की है। अपर जिला न्यायाधीश सप्तम के यहां चल रहे मामले में शैलेंद्र सिंह को 19 जुलाई की तारीख मिली है।

विदित हो कि श्रीकृष्ण जन्मभूमिकृशाही ईदगाह प्रकरण में विभिन्न पक्षकारों ने श्रीकृष्ण जन्मभमि 13.37 एकड़ जमीन को लेकर दावा किया है। अदालत में सभी मामलों की सुनवाई की जा रही है। अधिवक्ता राजेंद्र माहेश्वरी ने बताया कि केस में हमारी ओर से जवाब दाखिल किया जा चुका है। जबकि प्रतिपक्षी शाही ईदगाह के सचिव को अपना जवाब दाखिल करना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)