कूचबिहार/कोलकाता, 11 जुलाई पश्चिम बंगाल से अलग 'ग्रेटर कूचबिहार' राज्य बनाने की मांग कर रहे अनंत राय 'महाराज' ने मंगलवार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशित प्रमाणिक के साथ बैठक के बाद कहा कि भाजपा ने उन्हें राज्यसभा टिकट देने की पेशकश की है।
कूच बिहार से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद प्रमाणिक ने ग्रेटर कूच बिहार पीपुल्स एसोसिएशन (जीसीपीए) के नेता अनंत से उनके आवास पर मुलाकात की और दोनों के बीच एक घंटे तक बातचीत हुई।
अनंत ने प्रमाणिक की मौजूदगी में पत्रकारों से कहा, “मुझे (राज्यसभा के लिए) प्रस्ताव दिया गया है। उन्होंने कहा कि वे मेरे नाम पर विचार कर रहे हैं। मैं इसके विरोध में नहीं हूं। देखते हैं क्या होता है।”
प्रमाणिक ने कहा कि अगर अनंत जैसे लोग संसद में जाएंगे तो इससे पूरे राज्य को फायदा होगा।
प्रमाणिक ने कहा, “हम चाहते हैं कि कूच बिहार से अनंत महाराज जैसे किसी व्यक्ति को उच्च सदन में भेजा जाए, जो लोगों के विकास के लिए काम करते हैं। लेकिन जब तक सूची नहीं आ जाती, मैं कोई टिप्पणी नहीं कर सकता क्योंकि कुछ भी तय नहीं है। नामों की आधिकारिक घोषणा होने दीजिए।”
पश्चिम बंगाल की छह राज्यसभा सीट के लिए होने वाले चुनाव में 24 जुलाई को मतदान होगा। इसके अलावा राज्य की एक अन्य सीट पर भी उपचुनाव होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY