देश की खबरें | हिंदू संगठन ने वक्फ विधेयक का विरोध करने वाले मुस्लिम संगठनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय हिंदू संगठन ने सोमवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया और वक्फ (संशोधन) विधेयक का विरोध करने वाले मुस्लिम संगठनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नयी दिल्ली, 17 मार्च राष्ट्रीय हिंदू संगठन ने सोमवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया और वक्फ (संशोधन) विधेयक का विरोध करने वाले मुस्लिम संगठनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
राष्ट्रीय हिंदू संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि यदि इन "कार्रवाइयों" को नहीं रोका गया, तो भारत में एक और विभाजन का खतरा पैदा हो जाएगा।
चौधरी ने कहा, "ये लोग धर्म के आधार पर भारत को अलग करना चाहते हैं और हमें इसे तुरंत रोकना होगा। हम यहां सरकार से उनके खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध करने आए हैं।"
उन्होंने कहा कि उनका संगठन देश के हर जिले में विरोध प्रदर्शन करेगा।
उन्होंने कहा, "ये समूह वक्फ बोर्ड में संशोधन का विरोध करते हुए 'नारे तकबीर' का नारा लगा रहे हैं। वे यहां शाहीन बाग जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें रोकना बहुत जरूरी है।"
एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा, "कई स्थानों पर इन समूहों ने हमारी जमीन पर अतिक्रमण कर लिया है और कोई भी इसके बारे में कुछ नहीं कर रहा है।"
'ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड' ने सोमवार को वक्फ (संशोधन) विधेयक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
इस प्रदर्शन में कई सांसद भी शामिल हुए थे। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने राजग के घटक दलों तेदेपा, जद(यू) और लोजपा (रामविलास) को चेतावनी दी कि अगर वे इस विधेयक का समर्थन करेंगे, तो मुसलमान उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।
यह प्रदर्शन वक्फ (संशोधन) विधेयक में प्रस्तावित संशोधन को मंजूरी देने के खिलाफ किया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने प्रस्तावित वक्फ संशोधन विधेयक को अपनी मंजूरी दे दी है।
इस मंजूरी से दस मार्च से शुरू हुए बजट सत्र के दूसरे भाग के दौरान विधेयक को संसद में पेश करने का रास्ता साफ हो गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)