देश की खबरें | भाजपा की बिहार इकाई के प्रमुख ने राजग की भारी जीत का भरोसा जताया

पटना, 10 फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की भारी जीत के बाद बिहार में भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ‘‘भारी अंतर से जीत’’ का सोमवार को भरोसा जताया।

बिहार में इस साल बाद में चुनाव होने हैं।

भाजपा नेता ने पटना में पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना उन पर कटाक्ष करते किया और उन्हें दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का "शिष्य" बताया।

जायसवाल ने कहा, "अरविंद केजरीवाल ने मतदाताओं को मुफ्त चीजें देने का वादा करके सारी हदें पार कर दी थीं लेकिन वह पहले छत्तीसगढ़ में देखे गए रुझानों पर गौर करने में विफल रहे जहां लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर भरोसा किया और कांग्रेस की भूपेश सिंह बघेल सरकार के खिलाफ वोट दिया।"

बिहार के मंत्री ने कहा, "बिहार में भी कुछ लोग अरविंद केजरीवाल के चेले बन गए हैं। वे महिलाओं को 2,500 रुपये की मासिक सहायता और मुफ्त बिजली देने के वादे के सहारे मतदाताओं को अपनी ओर लुभाने की कोशिश कर रहे हैं। दिल्ली के फैसले ने उन्हें चौंका दिया है।"

जायसवाल का यह इशारा यादव की प्रस्तावित "माई बहन सम्मान योजना" की ओर था। राजद ने सत्ता में आने पर इस योजना के तहत महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक सहायता के अलावा 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया है।

उन्होंने यादव के पिता और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद पर भी निशाना साधा। लालू यादव ने हाल में लोगों से उनके बेटे को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाने का आग्रह किया था।

जायसवाल ने लालू यादव पर कटाक्ष करते हुए पूछा, "क्या मुख्यमंत्री का पद कोई रेवड़ी है जिसे मुफ्त में बांटा जाए? लालू जी एक साधारण पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति को अपनी पार्टी के नेता के रूप में क्यों नहीं पेश कर सकते?"

उन्होंने कहा, "दिल्ली तो एक झांकी थी, बिहार में अब कुछ नहीं बाकी है। राजग भारी जीत की ओर अग्रसर है।"

भाजपा नेता ने कहा, "भाजपा नीतीश कुमार के नेतृत्व में एकजुट होकर बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेगी।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)