देश की खबरें | दिल को दुरुस्त रखने के लिए एक मिनट में 60 सीढ़ियां चढ़ने का अभियान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल को दुरुस्त रखने के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए चलाए जा रहे एक अनोखे अभियान के तहत लोगों से एक मिनट में 60 सीढ़ियां चढ़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर डालने और पांच अन्य लोगों को टैग कर उन्हें यह चुनौती देने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

नयी दिल्ली, 29 सितंबर दिल को दुरुस्त रखने के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए चलाए जा रहे एक अनोखे अभियान के तहत लोगों से एक मिनट में 60 सीढ़ियां चढ़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर डालने और पांच अन्य लोगों को टैग कर उन्हें यह चुनौती देने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

हील फाउंडेशन के सहयोग से जेबी फार्मा ‘हार्ट2हार्ट-हेल्दी हार्ट चैलेंज’ नाम का यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसकी शुरुआत 22 सितंबर को की गई थी। इसका मकसद लोगों को हृदय की सेहत पर ध्यान देने के लिए प्रेरित करना और विश्व हृदय दिवस के अवसर पर इस बारे में जागरूकता फैलाना है।

आयोजकों के अनुसार, अब तक लगभग 750 लोग इस चुनौती को पूरा कर चुके हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने वीडियो डाले हैं।

हृदय विज्ञान संबंधी एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन के मुताबिक, सीढ़ियां चढ़ना हृदय की सेहत के आकलन का सबसे सरल तरीका है।

इसमें कहा गया है कि 90 सेकंड में चार मंजिल (60 सीढ़ियां) नहीं चढ़ पाना हृदय के सही से काम नहीं करने का संकेत हो सकता है।

अध्ययन के अनुसार, एक मिनट में 60 सीढ़ियां चढ़ सकने वाले लोगों का हृदय संभवत: श्रेष्ठ तरीके से काम कर रहा होता है।

उक्त अभियान के तहत लोगों को एक मिनट में 60 सीढ़ियां चढ़नी होंगी, जो चार मंजिल चढ़ने के समान है। इसके बाद वे इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करेंगे और पांच लोगों को टैग कर ऐसा करने की चुनौती देंगे।

राजधानी स्थित सर गंगाराम अस्पताल के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. एस सी मनचंदा ने कहा, ‘‘उपचार के आधुनिक तरीके आने से हृदयरोगियों की स्थिति में सुधार देखने को मिला है, लेकिन हृदयरोग दुनियाभर में अब भी मौत का प्रमुख कारण बने हुए हैं। हृदयरोगों से होने वाली 85 फीसदी मौतें हृदयघात और पक्षाघात के कारण होती हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\