देश की खबरें | त्रिपुरा के गोमती के जिलाधिकारी ने अपने निवास पर मिलने से मना किया : टिपरा मोथा प्रमुख देबबर्मा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. टिपरा मोथा प्रमुख प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने दावा किया है कि त्रिपुरा के गोमती के जिलाधिकारी तरित कांति चकमा ने अपने आधिकारिक आवास पर उनसे मिलने से इनकार कर दिया।
अगरतला, 26 मई टिपरा मोथा प्रमुख प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने दावा किया है कि त्रिपुरा के गोमती के जिलाधिकारी तरित कांति चकमा ने अपने आधिकारिक आवास पर उनसे मिलने से इनकार कर दिया।
देबबर्मा के इस दावे से राज्य में राजनीतिक हंगामा मच गया है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) विधायक एवं त्रिपुरा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जितेंद्र चौधरी ने सोमवार को जिलाधिकारी के इस व्यवहार की निंदा की, जबकि टिपरा मोथा विधायक रंजीत देबबर्मा ने ‘‘कर्तव्यों में लापरवाही’’ के लिए चकमा को हटाने की मांग की।
क्षेत्रीय पार्टी के प्रमुख प्रद्योत किशोर देबबर्मा ने कहा कि वह त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य पुरा चंद्र जमातिया के साथ रविवार को उदयपुर में जिलाधिकारी के आवास पर उनसे मिलने गए थे, लेकिन चकमा ने वहां उनसे चर्चा करने से ‘‘इनकार’’ कर दिया।
पार्टी प्रमुख ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं गोमती जिले में कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने के लिए पिछले एक महीने से उनके (जिलाधिकारी के) मोबाइल फोन पर संदेश भेज रहा हूं। मैंने कई बार फोन भी किया, लेकिन जिलाधिकारी ने फोन नहीं उठाया। मैं उनसे मिलने और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए उनके आधिकारिक आवास पर पहुंचा, लेकिन उन्होंने मुझसे मिलने से इनकार कर दिया।’’
टिपरा मोथा नेता ने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि जिलाधिकारी वीआईपी बन गए हैं। वह एक जनप्रतिनिधि हैं और उन्हें 24 घंटे लोगों के लिए उपलब्ध रहना चाहिए। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भी मुझसे अपने सरकारी आवास पर मुलाकात की, लेकिन डीएम नहीं मिले।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)