देश की खबरें | बेलगावी में ऑटो रिक्शा चालक के हमले के बाद एक होटल में गोवा के पूर्व विधायक की मृत्यु
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के बेलगावी में शनिवार को ऑटो रिक्शा चालक के कथित हमले के बाद गोवा के एक पूर्व विधायक की मृत्यु हो गई।
पणजी, 15 फरवरी कर्नाटक के बेलगावी में शनिवार को ऑटो रिक्शा चालक के कथित हमले के बाद गोवा के एक पूर्व विधायक की मृत्यु हो गई।
पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
कांग्रेस नेता लावू मामलातदार (68) कामकाज के सिलसिले में पणजी से लगभग 120 किलोमीटर दूर बेलगावी गए थे, जहां यह घटना हुई।
वर्ष 2012 में राजनीति में आने से पहले मामलातदार गोवा में पुलिस उपाधीक्षक रैंक के अधिकारी थे।
कर्नाटक पुलिस विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद मामलातदार और एक ऑटो चालक के बीच बहस हो गई थी।
अधिकारी ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए कहा कि झगड़े के दौरान ऑटो चालक ने उनपर कई बार प्रहार किया, हमले के बाद मामलातदार एक होटल गए, जहां वह सीढ़ियों से गिर गए।
अधिकारी ने कहा, “उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन भर्ती होने से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया।”
मामलातदार 2012-2017 के बीच महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) से गोवा विधानसभा के सदस्य थे। वह 2022 में कांग्रेस में शामिल हो गए थे और उस साल उन्होंने मडकाई निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार मिली।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)