देश की खबरें | हर भारतीय का खून खौल रहा है, पीड़ितों को न्याय मिलकर रहेगा: मोदी ने पहलगाम हमले पर कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहलगाम आतंकवादी हमले के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों और इसकी साजिश में शामिल लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने का पुन: आश्वासन देते हुए रविवार को कहा कि पीड़ितों को न्याय मिलकर रहेगा।
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहलगाम आतंकवादी हमले के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों और इसकी साजिश में शामिल लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने का पुन: आश्वासन देते हुए रविवार को कहा कि पीड़ितों को न्याय मिलकर रहेगा।
मोदी ने अपने मासिक ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा कि हमले की तस्वीरें देखकर हर भारतीय का खून खौल रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ इस युद्ध में देश की एकता और 140 करोड़ नागरिकों की एकजुटता सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह एकता आतंकवाद के खिलाफ हमारी निर्णायक लड़ाई का आधार है।’’
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान की ओर इशारा करते हुए कहा कि कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन शहर में किया गया यह हमला आतंकवाद के सरपरस्तों की हताशा एवं कायरता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह हमला ऐसे समय में किया गया जब घाटी में शांति और विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में रौनक लौट रही थी, निर्माण कार्य में अभूतपूर्व गति आई थी, लोकतंत्र मजबूत हो रहा था, पर्यटकों की संख्या रिकॉर्ड दर से बढ़ रही थी, लोगों की आय बढ़ रही थी और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो रहे थे।
मोदी ने कहा, ‘‘देश के दुश्मनों, जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को यह रास नहीं आया। आतंकवादी और आतंकवाद के आका चाहते हैं कि कश्मीर फिर से बर्बाद हो जाए और इसलिए उन्होंने इतनी बड़ी साजिश को अंजाम दिया।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि कश्मीर में नागरिकों पर हुए इस भीषण आतंकवादी हमले से उनके मन में गहरी पीड़ा है और इस घटना ने देश के हर नागरिक को दुख पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों के लिए हर भारतीय के मन में गहरी संवेदना है, भले ही वह किसी भी राज्य से हो या कोई भी बोलता हो।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)