देश की खबरें | करतारपुर गलियारे के रास्ते गुरुद्वारा दरबार साहिब की तीर्थयात्रा पर लगी रोक दो दिन बढ़ाई गई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. करतारपुर गलियारे के माध्यम से पाकिस्तान में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा दरबार साहिब की तीर्थयात्रा बारिश के कारण शनिवार को अगले दो दिन के लिए निलंबित कर दी गई।
चंडीगढ़/गुरदासपुर, 22 जुलाई करतारपुर गलियारे के माध्यम से पाकिस्तान में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा दरबार साहिब की तीर्थयात्रा बारिश के कारण शनिवार को अगले दो दिन के लिए निलंबित कर दी गई।
गुरदासपुर के उपायुक्त (डीसी) हिमांशु अग्रवाल द्वारा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जमीनी स्तर पर स्थिति के मूल्यांकन के बाद यह निर्णय लिया गया।
बृहस्पतिवार को रावी नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण तीर्थयात्रा तीन दिन के लिए रोक दी गई थी।
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में शनिवार को बारिश हुई, जिससे नदियों का जलस्तर बढ़ गया।
डेरा बाबा नानक में अग्रवाल ने पत्रकारों से कहा कि पर्वतीय इलाकों और गुरदासपुर में बारिश के कारण रावी नदी का जलस्तर शुक्रवार से 20,000 क्यूसेक बढ़ चुका है।
अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने बीएसएफ और भूमि बंदरगाह प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने भी सड़कों की स्थिति का आकलन किया।
उन्होंने कहा कि अगले दो दिन में पर्वतीय इलाकों और पंजाब में बारिश होने का अनुमान है।
अग्रवाल ने कहा कि अगर पर्वतीय इलाकों में बारिश होती है तो पानी यहां जरूर पहुंचेगा। उन्होंने कहा, "हम तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को लेकर कोई जोखिम नहीं उठा सकते। इसलिए, हमने तीर्थयात्रा दो और दिन रोकने का फैसला किया है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)