हैदराबाद, पांच अप्रैल तेलुगु टेलीविजन के प्रथम समाचार वाचक शांति स्वरूप का यहां 74 वर्ष की उम्र में शुक्रवार को निधन हो गया। दूरदर्शन के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
शांति स्वरूप 1980 के दशक के दौरान अविभाजित आंध्र प्रदेश में एक जाना-पहचाना नाम थे।
सूत्रों के मुताबिक, शांति स्वरूप को हृदय संबंधी समस्याओं के कारण दो दिन पहले यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने आज अंतिम सांस ली।
सूत्रों ने बताया कि 14 नवंबर 1983 को जब दूरदर्शन पर पहला तेलुगु समाचार बुलेटिन प्रसारित हुआ था तब शांति स्वरूप ने ही समाचार प्रस्तुत किया था।
शांति स्वरूप ने तब से लेकर 2011 में अपनी सेवानिवृत्ति तक चैनल में काम किया। ऐसे जमाने में जब टेलीप्रॉम्प्टर नहीं हुआ करता था, तब शांति स्वरूप खबरों को याद करके उसे आत्मविश्वास के साथ पेश किया करते थे।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव, तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू और कई अन्य नेताओं ने शांति स्वरूप के निधन पर शोक प्रकट किया।
मुख्यमंत्री ने शोक-संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा, ‘‘पहली पीढ़ी के समाचार वाचक होने के नाते शांति स्वरूप तेलुगु लोगों के बीच जाना-पहचाना नाम बन गये थे।''
किशन रेड्डी ने कहा कि शांति स्वरूप तेलुगु टेलीविजन समाचार की एक दिग्गज हस्ती थे और वह समाचार वाचक बनने की चाह रखने वाले लोगों के लिए प्रेरणास्रोत थे।
पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर ने कहा कि शांति स्वरूप का तेलुगु टेलीविजन समाचार मीडिया में एक विशेष कद था।
चंद्रबाबू नायडू ने अविभाजित आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान शांति स्वरूप के साथ छह वर्षों तक चले साप्ताहिक कार्यक्रम 'प्रजालाथो मुख्यमंत्री' (लोगों के साथ मुख्यमंत्री) को याद किया।
नायडू ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि लोग कार्यक्रम के दौरान सीधे अपनी समस्याएं बताते थे और उनका समाधान किया जाता था।
उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY